आचार्य आचार्य रामचंद्र शुक्ल – हिंदी साहित्य जगत के कीर्ति स्तम्भ

आचार्य रामचंद्र शुक्ल हिंदी साहित्य के महान आलोचक, निबंधकार, कवि और इतिहासकार थे। उन्हें हिंदी साहित्य में आधुनिक आलोचना का आधार स्तंभ माना जाता है। प्रस्तुत लेख में उनके जीवन परिचय, साहित्यिक यात्रा, प्रमुख रचनाओं, आलोचनात्मक दृष्टिकोण, काव्य संग्रह 'मधुस्रोत', प्रकृति प्रेम और हिंदी साहित्य में उनके अमूल्य योगदान का विस्तृत वर्णन किया गया है। उनकी विचारधारा, साहित्यिक उपलब्धियाँ और हिंदी आलोचना को समृद्ध बनाने में उनकी भूमिका आज भी साहित्यकारों और पाठकों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

Nov 17, 2026 - 17:50
 0  2
आचार्य आचार्य रामचंद्र शुक्ल – हिंदी साहित्य जगत के कीर्ति स्तम्भ
acharya-Ramchandra-Shukla-life-literary-contribution

भारतीय साहित्य परम्परा में अनेक ऎसे साहित्यकार हैं, जिनकी प्रतिभा बहुमुखी रही है किन्तु किसी एक पक्ष के मूल्यांकन के आधार पर विख्यात हो गए हैं । उक्त क्रम में आचार्य रामचंद्र शुक्ल का नाम उल्लेखनीय हैं। आचार्य शुक्ल आलोचना विधा के आधार स्तंभ हैं तथा एक आलोचक के रूप में विख्यात है । ‘काव्य’ के प्रति आचार्य शुक्ल की आलोचना दृष्टि परवर्ती रचनाकारों के लिए सदैव आदर्श रही। आचार्य शुक्ल एक आलोचक तो हैं ही वरन एक कवि हृदय भी हैं।  


हिन्दी में आधुनिक युग के साहित्याकाश में जो स्थान प्रसाद-पंत-निराला का है, उपन्यास-कहानी के क्षेत्र में जो स्थान मुन्शी प्रेमचन्द का है, वही स्थान 'चिन्तामणि' के रचयिता राम चन्द्र शुक्ल का समीक्षा-समालोचना के क्षेत्र में है। विभिन्न विषयों व मन:स्थितियों पर रचे गए उनके निबन्धों का एक-एक शब्द चिन्तामणि की निबन्ध-माला में उस नगीने के समान जड़ा हुआ है, जिसका आलोक युग और काल की सीमाओं को पार करता हुआ पीढ़ी-दर-पीढ़ी प्रत्येक काल के सत्य-उद्घाटन का साहित्यिक आकलन करने में अप्रतिम मार्गदर्शक कीर्ति स्तम्भ बन गया। 'हिन्दी साहित्य का इतिहास' लिखकर साहित्य-इतिहास के क्षेत्र में अविस्मरणीय भूमिका अंकित करने वाले शुक्ल जी का जन्म वर्ष १८८४ में बस्ती जनपद में हुआ। पिता श्री चन्द्रबली शुक्ल का सरकारी सेवा में स्थांतरण मिर्ज़ापुर में सादर कानूनगो के रूप में होने पर परिवार को मिर्ज़ापुर आ गया। पिता ने उर्दू, अंग्रेज़ी पढ़ाने सिखाने पर जोर दिया लेकिन आप स्वयं चोरी-छिपे हिन्दी का ज्ञान प्राप्त करते रहे। मिशन स्कूल में मैट्रिक करने के बाद गणित में कमजोर होने के कारण इंटर कॉलेज में एफ.ए. की परीक्षा में सफल न हो सके फिर प्लीडरशिप करने की कोशिश की पर इसमे भी असफल ही रहे, किन्तु बार-बार ऐसी असफलताओं को दरकिनार करके इतिहास, साहित्य, कथा-कहानी, मनोविज्ञान का अध्ययन करने में लग गए।


मिर्ज़ापुर के तत्कालीन कलक्टर ने रामचन्द्र शुक्ल को एक कार्यालय में नौकरी भी दे दी थी, पर हेड क्लर्क से उनके स्वाभिमानी स्वभाव की पटी नहीं। उस नौकरी को उन्होंने छोड़ दिया। फिर कुछ दिनों तक रामचन्द्र शुक्ल मिर्ज़ापुर के मिशन स्कूल में चित्रकला के अध्यापक रहे। सन् १९०९ से १९१० के लगभग वे 'हिन्दी शब्द सागर' के सम्पादन में वैतनिक सहायक के रूप में काशी आ गये। यहीं पर काशी नागरी प्रचारिणी सभा के विभिन्न कार्यों को करते हुए उनकी प्रतिभा चमकी। 'नागरी प्रचारिणी पत्रिका' का सम्पादन भी उन्होंने कुछ दिनों तक किया था। कोश का कार्य समाप्त हो जाने के बाद शुक्ल जी की नियुक्ति काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में हिन्दी के अध्यापक के रूप में हो गई। वहाँ से एक महीने के लिए वे अलवर राज्य में भी नौकरी के लिये गए, पर रुचि का काम न होने से पुन: विश्वविद्यालय लौट आए। सन् १९३७ में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के हिन्दी विभागाध्यक्ष नियुक्त हुए एवं इस पद पर रहते हुए ही सन् १९४१ में उनकी हृदय गति बन्द हो जाने से मृत्यु हो गई। साहित्यिक इतिहास लेखक के रूप में उनका स्थान हिन्दी में अत्यन्त गौरवपूर्ण है, निबन्धकार के रूप में वे किसी भी भाषा के लिए गर्व के विषय हो सकते हैं तथा समीक्षक के रूप में तो वे हिन्दी में अप्रतिम हैं।


शुक्ल जी को यदि हिन्दी साहित्य में समीक्षा-समालोचना विधा का पितामह कहा जाए तो अतिश्योक्ति न होगी। आज भी हिंदी में साहित्य समीक्षा के मानदंड निर्धारण के लिए विद्वत-जनों में उन्हीं को श्रद्धा से याद किया जाता है। वे कल्पना की बजाए यथार्थ व ठोस धरातल पर सामाजिक जीवन व इसके विभिन्न सरोकारों को मूल्यांकन का सही आधार मानते थे, उन्हें लोकरंजन एवं रोमांटिक साहित्य अधिक प्रिय नहीं था। 'कविता क्या है' निबंध में वे कहते हैंठ कविता ही मनुष्य के हृदय को स्वार्थ-संबन्धों के संकुचित मण्डल से ऊपर उठा कर लोक-सामान्य भाव-भूमि पर ले जाती है, जहाँ जगत की नाना गतियों के मार्मिक स्वरूप का साक्षात्कार और शुद्ध अनुभूतियों का संचार होता है, इस भूमि पर पहुँचे हुए मनुष्य को कुछ काल के लिए अपना पता नहीं रहता। वह अपनी सत्ता को लोक-सत्ता में विलीन किए रहता है। उसकी अनुभूति सब की अनुभूति होती है।ङ्ग
उनके विभिन्न मनोविकारों, भाव-अनुभावों व मन:स्थितियों पर रचे गए निबन्ध अत्यंत सार-गर्भित चिन्तन व गहन अध्ययन के साक्षी हैं, मसलन 'क्रोध', 'दया', 'ईर्ष्या', 'करुणा', श्रद्धा-भक्ति', 'भय', 'घृणा', 'लोभ और प्रीति' आदि। उन्होंने पाश्चात्य समीक्षा शास्त्र व भारतीय समीक्षा-सिद्धांतों का गहन अध्ययन किया था, साथ ही मनोविज्ञान की परिष्कृत समझ होने के फलस्वरूप समीक्षा के सिद्धान्तों की ऐसी तर्कसंगत व्याख्या दी कि उसे सहज में ही साहित्य-जगत में मान्यता मिली। शुक्ल काव्य की चिन्तन धाराओं के प्रति युगानुरूप सचेत थे, उनकी समीक्षात्मक दृष्टि में समग्र चिन्तन, परिवेश के प्रति जागरूकता, मनोवैज्ञानिक सोच का ठोस धरातल तथा उनके अपने विवेक की कसौटी उनकी समीक्षाओं को विद्वत जगत में सर्वमान्य एवं दृष्टव्य बना देती हैं। 

इसे भी पढ़े:-  गांधी और राम- भारत की आत्मा के दो स्वर https://sahityanama.com/gandhi-aur-ram-ahimsa-aur-nyay-ka-santula


वे पहले ऐसे समीक्षा-दृष्टि-सम्पन्न मनीषी अध्येता व साहित्य के प्रकाण्ड वेत्ता थे जिन्होंने हिन्दी साहित्य का इतिहास लिखते हुए बाकायदा लेखकों का जीवन-परिचय, विधा में उनके योगदान का समीक्षात्मक अवलोकन, निष्पक्ष समसामयिक आकलन प्रस्तुत करके साहित्य जगत को समृद्ध किया। आचार्य रामचन्द्र शुक्ल जी के  मौलिक समीक्षात्मक चिंतन एवं मूल्य-निर्धारण मानदण्डों के प्रति हिन्दी जगत युगों-युगों तक उनका ऋणी रहेगा।    
आचार्य शुक्ल आलोचक तो हैं ही, लेकिन उनका विपुल काव्य उनके कवि होने का भी सार्थक प्रमाण हैं। उनके विपुल काव्य का संकलन ‘मधुस्रोत’ नामक काव्य-संग्रह में है । मधुस्रोत’ में आचार्य शुक्ल रचित ३१ कविताओं का संकलन है। जिसका प्रकाशन नागरी प्रचारिणी सभा द्वारा १९७१ में किया गया। १९०१ से १९२९ तक लिखित ये कविताएँ तत्कालीन प्रतिष्ठित साहित्यिक पत्रिकाओं जैसे सरस्वती, आनंदकादंबिनी, बालप्रभाकर, नागरी प्रचारिणी पत्रिका, लक्ष्मी, इन्दु, बाल हितैषी, माधुरी, सुधा आदि में प्रकाशित हुई। ब्रज और खड़ी बोली में रचित इन कविताओं में अपने समय की साहित्यिक चेतना का निर्वाह है, वहीं ब्रज से खड़ी बोली का काव्य-भाषा के रूप में विकास का प्रमाण भी है। १९०४ में रचित ‘बसंत’ में ठेठ ब्रजभाषा का संस्कार है, तो १९१३ में प्रकाशित ‘विरह सप्तक’ में ब्रज और खड़ी बोली का मिश्रित रूप प्रकट होता है। इसके बाद की रचनाओं में खड़ी बोली का प्रयोग है। १९२९ में रचित ‘मधुस्रोत’ में परिष्कृत खड़ी बोली है, जिसे आधुनिक काव्यभाषा का रूप माना जा सकता है।


प्रकृति-प्रेम’ कवियों का सदैव प्रिय विषय रहा है। आचार्य शुक्ल की कविताओं में प्रकृति की रम्य छटा सहज प्रसन्न शैली में व्यक्त हुई है। रीतिकालीन काव्य में प्रकृति उद्दीपन रूप में प्रकट हुई, परन्तु आचार्य शुक्ल ने इसे आलंबन रूप में ही ग्रहण किया। वे प्रकृति की सत्ता को स्वतंत्र मानते थे। प्रकृति के शुद्ध रूप की उपासना के कारण उन्होंने आरोपित भावों को स्वीकार नहीं किया। ‘मनोहर छटा’, ‘आमंत्रण’, ‘रूपमय हृदय’ आदि कविताओं में प्रकृति का रम्य चित्रण इसी रूप में बिम्बित है। प्रकृति के आलम्बन रूप का दृश्य-विधान इन पंक्तियों में अवलोकनीय हैं-

नव दल-गुंथित पुष्प हास यह!
शशि रेख सुस्मित विभास यह!
नभ चुवित नग निविड़-नीलिमा 
उठी अवनि उर की उमंग सी।
कलित विरल घन पटल-
दिगंचल-प्रभा पुलकमय राग-रंग सी।

शुक्ल जी का साहित्यिक व्यक्तित्व विविध पक्षों वाला है। उन्होंने अपने साहित्यिक जीवन के प्रारम्भ में लेख लिखे हैं और फिर गम्भीर निबन्धों का प्रणयन किया है, जो चिन्तामणि (दो भाग) में संकलित है। उन्होंने ब्रजभाषा और खड़ीबोली में फुटकर कविताएँ लिखीं तथा एडविन आर्नल्ड के 'लाइट ऑफ़ एशिया' का ब्रजभाषा में 'बुद्धचरित' के नाम से पद्यानुवाद किया। शुक्ल जी ने मनोविज्ञान, इतिहास, संस्कृति, शिक्षा एवं व्यवहार सम्बन्धी लेखों एवं पत्रिकाओं के भी अनुवाद किये हैं तथा जोसेफ़ एडिसन के 'प्लेजर्स ऑफ़ इमेजिनेशन' का 'कल्पना का आनन्द' नाम से एवं राखाल दास वन्द्योपाध्याय के 'शशांक' उपन्यास का भी हिन्दी में रोचक अनुवाद किया।
रामचन्द्र शुक्ल ने 'जायसी ग्रन्थावली' तथा 'बुद्धचरित' की भूमिका में क्रमश: अवधी तथा ब्रजभाषा का भाषा-शास्त्रीय विवेचन करते हुए उनका स्वरूप भी स्पष्ट किया है। अनुवादक रूप में उन्होंने 'शशांक' जैसे श्रेष्ठ उपन्यास का अनुवाद किया है। अनुवादक के रूप में उनकी शक्ति या निर्बलता यह थी कि उन्होंने अपनी प्रतिभा या अध्ययन के बल पर उनमें अपेक्षित परिवर्तन कर लिये हैं। 'शशांक' मूल बंगला में दु:खान्त है, पर उन्होंने उसे सुखान्त बना दिया है। अनुवादक की इस प्रवृत्ति को आदर्श भले ही न माना जाये, पर उसके व्यक्तित्व की शक्ति एवं जीवन का प्रतीक अवश्य माना जा सकता है।


शुक्ल जी पर बाल गंगाधर तिलक के व्यक्तित्व और विचारों का प्रभाव था। लेकिन अजीब बात है कि वह इस का अधिक प्रकटीकरण नहीं करते। इस प्रभाव का आप अनुमान ही लगा सकते हैं।  यूँ भी शुक्लजी अपने लेखन में राजनीतिक नेताओं की बहुत चर्चा नहीं करते। साहित्य से ही उन्हें फुर्सत कम मिलती थी। उनका पहला लेख ‘कविता क्या है’ था। कहा जाता है सम्पूर्ण जीवन वह इसी की व्याख्या करते रहे। उनकी अपनी प्रवृत्ति थी, जिसे बहुत कम लोग समझ पाते थे। साहित्य में वह रहस्यवाद का चाहे जितना विरोध करें, अपने व्यक्तित्व में वह रहस्याच्छादित थे। उनकी घनी मूछें निश्चय ही इसमें सहायक रही होंगी। उन्होंने आलोचना-विवेचना का जो काम चुना था, उसमें समाज से अधिक पोथियों को पढ़ना था। इसलिए किसी रचनाकार लेखक के मुकाबले उनके व्यक्तित्व की तुलना किसी साधक से करनी होगी। प्रेमचंद या प्रसाद रचनाकार थे। उनके व्यक्तित्व को समझना अपेक्षाकृत आसान है, रामचन्द्र शुक्ल को समझना आसान नहीं है। वहाँ परत-दर-परत है। आप कोई एक निर्णय लेते हैं, तब तक आपको अनुभव होगा, शुक्लजी ने तो अमुक जगह ऐसा लिखा है। 
शुक्लजी ने समय की माँग को पहचाना और विज्ञान के प्रकाश में वस्तुजगत की पुरोहिती व्याख्या को विज्ञान की व्याख्या में बदलने का प्रयास किया। वैज्ञानिक नियमों की रोशनी में पुरानी-चिन्तन-पद्धति के दोषों के परिहार का प्रयास किया। अपने जीवन जगत के विषय में शुक्लजी ने जो दृष्टिकोण प्रस्तुत किया, उसकी जड़ें धर्म में ही हैं। समस्या चाहे काव्य में रहस्यवाद की हो, छायावाद के अनुभूति क्षेत्र की, अथवा रस-दशा की व्याख्या करने की, शुक्लजी ने अलौकिक और आध्यात्मिक से बचाव के लिए पूरी सतर्कता बरती है। प्राचीन और मध्ययुगीन के विरूद्ध यही लोकबद्धता शुक्लजी को आधुनिक और समयानुकूल सिद्ध करती है।उनकी जन्म जयन्ती १ अक्टूबर को है इस अवसर पर हिंदी साहित्य के इस पुरोधा को शत शत नमन और श्रद्धांजलि।

रचना दीक्षित

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0