स्वस्थ मन, खुशहाल जीवन

शारीरिक स्वास्थ्य की तरह मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी स्वस्थ और खुशहाल जीवन के लिए बेहद आवश्यक है। प्रस्तुत लेख में मानसिक तनाव से बचने, अनावश्यक बातों को नज़रअंदाज़ करने, अपनी रुचियों को विकसित करने, मित्रों के साथ समय बिताने और सकारात्मक विचारों को अपनाने के महत्व पर प्रकाश डाला गया है। लेख बताता है कि मन को स्वस्थ और प्रसन्न रखने के लिए स्वयं के प्रति जागरूक होना तथा नकारात्मक विचारों से दूरी बनाना जरूरी है। स्वस्थ मन न केवल हमारी कार्यक्षमता और सफलता को बढ़ाता है, बल्कि परिवार, समाज और व्यक्तिगत संबंधों पर भी सकारात्मक प्रभाव डालता है। छोटे-छोटे प्रयासों से मानसिक शांति और संतुलित जीवन प्राप्त किया जा सकता है।

Nov 17, 2026 - 18:48
 0  1
स्वस्थ मन, खुशहाल जीवन
mental-health-tips-for-happy-and-healthy-life

वर्तमान दौर में अपने शारीरिक स्वास्थ्य को लेकर जनता काफी हद तक जागरूक हो चुकी है। शारीरिक स्वास्थ्य की देखभाल जितनी ज़रूरी है, उतना ही ज़रूरी है अपने मानसिक स्वास्थ्य को स्वस्थ रखना।
हमारा शरीर ईश्वर द्वारा हमें मिली हुई अद्भुत भेंट ही है। हम अक्सर अपने जीवन में सभी को खुश रखने का प्रयास करते हैं, किंतु जीवन की आपाधापी में बहुत-सी बार हम अपने आप का ध्यान नहीं रख पाते। शारीरिक स्वास्थ्य बिगड़ने पर हम डॉक्टर के पास जाते हैं, दवाइयाँ लेते हैं और इलाज के चलते हम जल्दी स्वस्थ भी हो जाते हैं; किंतु हम अपने मानसिक स्वास्थ्य को अनदेखा कर आगे बढ़ जाते हैं। हमारे मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान हमें स्वयं ही रखना होगा। इसके लिए हमें न तो किसी की मदद की ज़रूरत है और न ही किसी दवा की। मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए अपने जीवन में कुछ बातों का ध्यान रखना ज़रूरी है।
अनावश्यक बातों को नज़रअंदाज़ करें
महिलाओं में खासकर आदत होती है, किसी ने उन्हें कुछ कह दिया या उन्होंने किसी से कुछ कहा, तो उस बारे में वे घंटों सोचती रहती हैं। कभी-कभी तो छोटी-छोटी बातें भी उनकी नींद उड़ाने के लिए काफ़ी होती हैं, जिससे उनका स्वास्थ्य प्रभावित होता है।
जहाँ तक संभव हो, अनावश्यक विवादों से बचें। गहराई से सोचने पर पता चलता है, हम जिस बात के पीछे इतना वक्त बर्बाद कर रहे हैं, वह बिल्कुल ही निरर्थक है। सामने वाला व्यक्ति चाहे जो कहे, हमें उसकी बात पसंद न हो तो हम उसे अपने दिल की तह तक पहुँचने ही न दें। इसलिए हमेशा स्वयं को अच्छे कामों में व्यस्त रखें, अच्छी पुस्तकें, पत्रिकाएँ पढ़ें। व्यर्थ की बातों में समय गँवाने से बचें।
आपकी रुचि आपके जीवन की संजीवनी है
हर व्यक्ति की अलग-अलग रुचि होती है। कोई कल्पनाओं के सागर में गोते लगाते हुए सुंदर मोती ढूँढ़ लेते हैं और अपने भाव लेखनी के माध्यम से उजागर करते हैं, तो किसी के द्वारा गाया सुमधुर संगीत मन को लुभाता है। कोई नृत्य कला में पारंगत है, तो किसी को बागवानी में रुचि होती है।


अपनी रुचि के अनुरूप काम करते समय हमें थकान महसूस नहीं होती, बल्कि संतोष मिलता है। आवश्यक कार्यों से जैसे ही हम निजात पाते हैं, यह मन अपनी रुचि के कार्य को करने के लिए दौड़ पड़ता है। व्यस्तता भरी जीवनशैली में भी हम अपने कला-गुणों को विकसित करने के लिए कुछ समय निकाल ही लेते हैं, जो हमें आंतरिक खुशी के साथ ही अपनी अलग पहचान देता है।
हमउम्र साथियों संग बिताएँ कुछ पल
मानव जीवन में दोस्तों की भूमिका महत्वपूर्ण है, जहाँ कोई औपचारिकता नहीं, कोई बंधन नहीं। हमउम्र साथियों संग बिताए पल हमारा मानसिक तनाव कम करते हैं और हमें खुशी देते हैं, जिससे हम स्वस्थ, खुशहाल, तरोताज़ा महसूस करते हैं।
मित्रों संग हम हर तरह की बात साझा कर अपने आपको हल्का कर लेते हैं। कुछ समय हमउम्र साथियों संग बिताना, उनके साथ कहीं घूमने जाना, हँसी-मज़ाक करना, जिससे जीवन में नई ऊर्जा मिलेगी और बढ़ती उम्र का अहसास ही नहीं होगा।
अपने लिए लगाएँ फ़िल्टर
रोज़मर्रा के जीवन में हम छोटी-छोटी चीज़ों में भी बहुत सावधानी रखते हैं, जैसे कि सब्ज़ी, फल या अन्य कोई भी वस्तु लेते समय उसकी क्वालिटी को बारीकी से देखते हैं। पानी को हम अच्छी तरह फ़िल्टर कर पीते हैं, लेकिन स्वयं के प्रति लापरवाही बरतते हैं।
अनेक बेकार की नकारात्मक बातों को मन तक पहुँचाकर उसे उलझाए रखते हैं और अपने मानसिक संतुलन को विचलित करते हैं, जो दीमक की भाँति हमारे अच्छे कला-गुणों को क्षरित करते रहते हैं। इसलिए सावधान रहें। हमारे दिल-दिमाग तक केवल अच्छी और सकारात्मक बातें ही पहुँचें। हमें अपने आप के लिए विचारों का फ़िल्टर लगाना होगा, जहाँ केवल उपयोगी सकारात्मक बातें ही हमारे भीतर उतरें।
स्वस्थ मन खोलता है प्रगति के द्वार

इसे भी पढ़े:-  दुर्गा पूजा के आर्थिक महत्व https://sahityanama.com/durga-puja-ka-aarthik-mahatva

मन जब स्वस्थ, प्रसन्न रहता है, तो हमारे कार्य की गुणवत्ता बढ़ती है, जिससे हमें हमारे लक्ष्य तक पहुँचने में आसानी होती है और प्रगति के द्वार हमारे लिए खुलते जाते हैं। सफलता हर किसी को लुभाती है, जो खुशहाल जीवन के साथ ही समाज और परिवार में एक आदर्श स्थापित करती है, हमारे भीतर सहयोग की भावना निर्माण करती है और हमें औरों के काम आना भी सिखाती है।
मानसिक रूप से स्वस्थ रहना हमें अनेक शारीरिक बीमारियों से दूर रखता है। मन जब शांत, स्वस्थ रहता है, तो हमें नींद अच्छी आती है, खान-पान संतुलित रहता है। हम अपने साथ ही हमसे जुड़े लोगों के लिए भी एक मिसाल बन जाते हैं।
फूलों की खुशबू केवल उस तक ही सीमित नहीं रहती, उसकी महक आस-पास के वातावरण को भी महकाती है। हमारी मानसिक स्थिति हमारे स्वभाव को, व्यवहार को दर्शाती है। जो सही रहे तो बच्चों की परवरिश में भी उसका सकारात्मक प्रभाव पड़ता है और जिस तरह से हमें बच्चे देखते हैं, वैसा ही वे भी सीखते हैं। इसलिए मन को शांत, संयमित, स्वस्थ रखें। मन को स्वस्थ रखने का रिमोट हमारे हाथ ही है। बाहरी परिस्थितियों को अपने ऊपर हावी न होने दें। थोड़े प्रयासों से सब-कुछ संभव है; इसलिए कहते भी हैं, ठमन चंगा तो कठौती में गंगा।ठ

राजश्री राठी

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0