वर्तमान परिप्रेक्ष्य में साहित्यकारों का दायित्व
साहित्य केवल समाज का दर्पण नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन और मानवीय मूल्यों की स्थापना का सशक्त माध्यम भी है। प्रस्तुत लेख में वर्तमान परिवेश में साहित्य की भूमिका, साहित्यकार के सामाजिक दायित्व और समाज के प्रति उसकी संवेदनशीलता पर विचार किया गया है। प्रेमचंद और कबीर जैसे महान साहित्यकारों के उदाहरणों के माध्यम से बताया गया है कि साहित्यकार को अपने समय की सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक विसंगतियों को अपनी रचनाओं में स्थान देना चाहिए। भूमंडलीकरण, निजीकरण और डिजिटल युग में बदलते सामाजिक संबंधों एवं नई चुनौतियों के बीच साहित्य का दायित्व और भी बढ़ गया है। साहित्य का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि आशा, सकारात्मकता, स्वतंत्रता, सहिष्णुता और मनुष्यता को जीवित रखना भी है।
'यदि आप आसमान में चमकते तारों को छू नहीं सकते, तो उनकी ओर देख तो सकते हो' - यह कथन हिब्रू लेखक एमोस ओज़ का है और उनका यह मानना है कि मनुष्य के लिए ज़रूरी है कि वह तारों तक भले ही नहीं पहुँच पाए, पर ज़रूरी है कि वह उन्हें आँखों से ओझल न होने दे। वे कहते हैं कि तारों को सिर्फ आँखों से ओझल नहीं होने देना है, उन्हें जी भरकर देखना है।
ये तारे उन आशाओं और सपनों के हैं, जिनके सहारे आदमी जीता है। बेहतर कल के सपने, बेहतर कल की आशाएँ। ये सपने और आशाएँ जब विश्वास बनते हैं, तब कोई आग रोशनी में बदलती है। साहित्य इस आग को रोशनी में बदलने की इसी प्रक्रिया का नाम है। साहित्य को समाज का दर्पण कहा गया है। लेकिन यह एक ऐसा दर्पण होता है, जो समाज की हकीकत को सिर्फ दिखाता ही नहीं, उस दिशा का संकेत भी देता है, जिसकी ओर चलकर समाज अपने आप को बेहतर भी बना सकता है। यही साहित्य का एक बड़ा प्रयोजन भी है।
साहित्य की ढेरों परिभाषाएँ की गई हैं। दर्पण के साथ-साथ इसकी तुलना जलती हुई मशाल से भी की गई है। कभी इसे मनुष्य के भीतर पलने वाली संवेदनाओं का प्रस्फुटीकरण कहा गया है और कभी इसे जीवन के अधूरेपन को भरने की एक कोशिश की संज्ञा दी गई है। सब परिभाषाएँ अपनी-अपनी जगह सही हैं। ये सब परिभाषाएँ जीवन में साहित्य की आवश्यकता और महत्ता को ही उजागर करती हैं।
भारतीय संस्कृति की यह विशेषता ही है कि वह चिंतन और सूक्ष्म अनुभूतियों पर आधारित है। हमारी संस्कृति ऋषियों की तपस्या से संचालित होकर विस्तार पाती रही है। उन्होंने मनुष्य होने का अर्थ खोजा और उस अर्थ को सार्थक परिणामों तक पहुँचाने का रास्ता बताया। इस यात्रा का कैसा सहज निरूपण भारतीय साहित्य में किया गया है -
ठअसतो मा सद्गमय
तमसो मा ज्योतिर्गमय
मृत्योर्मा अमृतं गमयठतो क्या साहित्य का उद्देश्य किसी आदर्श को परिभाषित कर उसे प्राप्त करना ही है? तो क्या साहित्य का सृजन लोक कल्याण की किसी परिकल्पना को साकार करने के लिए ही होता है? नहीं, रचनाकार यह सोचकर नहीं लिखता है कि इससे किसी का भला होगा, किसी को राह दिखेगी। लेकिन परहित का भाव उसके सृजन में निहित होता है। प्रेमचंद ने साहित्य को जलती हुई मशाल कहा था। उनका यह कथन वर्तमान परिप्रेक्ष्य में भी साहित्यकारों को अपने दायित्व का बोध कराता है। साहित्यकार का दायित्व है कि वह आग रोशनी देने वाली हो, जलाने वाली नहीं। आकाश के तारों को आँखों से ओझल न होने देने की आकांक्षा या चेतावनी का अर्थ भी यही है कि भीतर कहीं रोशनी देने की भावना पलती रहे। वर्तमान परिवेश में साहित्य की यह रोशनी ही जीवन के अधूरेपन को, चाहे वह कैसा भी अधूरापन क्यों न हो, भरने का माध्यम बनती है। तभी जीवन के खंडित सपनों को पूरा करने की एक लालसा पैदा होती है। तब साहित्य-सृजन सार्थक बनता है।
वर्तमान परिवेश में देखें तो साहित्य एवं सामाजिक सरोकार का गहरा नाता है। गए वे दिन, जब अरण्य में बैठकर साहित्य की रचना होती थी। आज साहित्यकार समाज के केंद्र में रहकर, समय को उसकी समस्त समकालीनता में पकड़कर रचना करता है। समय चाहे कितना ही समस्याग्रस्त, त्रस्त और पस्त हो, साहित्यकार बेहतर समय का स्वप्न देखता है और दिखाता है। परिवर्तन की कामना हमेशा बनी रहे, आँखों में बेहतर कल के सपने ज़िंदा रहें, इसके लिए ज़रूरी है कि समाज में साहित्य व साहित्य के पठन-पाठन के लिए जगह बनी रहे।
वर्तमान परिवेश में हमारे समाज का राजनीतिक, आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक ढाँचा कुछ ऐसा हो चला है कि साहित्य की स्थिति, उसके सरोकार और हस्तक्षेप अत्यंत धुँधले और बेमानी से लगने लगे हैं। प्रेमचंद आज के समय में भी क्यों प्रासंगिक बने हुए हैं? कारण बहुत स्पष्ट है। उनके द्वारा रचित साहित्य में हम उस युग के आम आदमी की सच्ची तस्वीर देख सकते हैं। उनके समूचे लेखन ने उनको सामाजिक सरोकारों से जोड़े रखा। उनके लेखन में वे सारी चिंताएँ साफ़ तौर पर उभरकर सामने आई थीं, जो उस समय के समाज में थीं और जिनकी भविष्य में आशंका थी। आज साहित्यकारों से इसी प्रकार के कालजयी लेखन की अपेक्षाएँ बढ़ गई हैं।
इसी संदर्भ में कहें तो, कबीर सैकड़ों साल पहले जितने प्रासंगिक थे, उससे भी कहीं अधिक आज हैं। कबीर सामाजिक सरोकार के बहुआयामी उदाहरण हैं। आज के संदर्भ में साहित्यकारों के लिए इन्हीं कसौटियों पर लेखन करना चुनौती है। मुझे नहीं लगता कि वर्तमान परिवेश में कोई भी संवेदनशील रचनाकार अपने समय की विसंगतियों और समाज, देश के इस परिदृश्य से निरपेक्ष बना रह सकता है और साहित्य के सरोकारों को समाज तक ले जाने में कोताही करेगा। रचनाकार यदि अपने आसपास से आँखें मूँद लेता है, तो उसका साहित्य केवल पाखंड ही कहलाएगा।
जीवन में हो या साहित्य में, परिवर्तन निरंतर होते रहते हैं, किंतु कोई चीज़ अचानक नए सिरे से शुरू नहीं होती। उसका एक सिरा अपने से पहले किसी परिपाटी या परंपरा से जुड़ा होता है। इसी से जीवन और साहित्य दोनों आगे बढ़ते हैं। भूमंडलीकरण के साथ-साथ आए निजीकरण, उदारीकरण, डिजिटलाइजेशन के कारण भी वर्तमान परिवेश में साहित्यकारों का दायित्व बढ़ जाता है। भारतीय समाज और साहित्य में कई परिवर्तन हो रहे हैं। अनेक नए-नए विषय उठाए जा रहे हैं और नए यथार्थ को नए ढंग से सामने लाने के अनेक तरीके अपनाए जा रहे हैं। उदाहरण के लिए, इधर सेरोगेसी, सोलमेट, लिव-इन रिलेशनशिप, देह शोषण नई समस्याएँ बनकर उभरी हैं, जिनका संबंध समस्त भूमंडलीय यथार्थ से है। सामाजिक समरसता, सहिष्णुता भी ऐसे विषय हैं, जिन पर साहित्यकारों द्वारा जिम्मेदाराना लेखन कर यथार्थ को सामने लाना चाहिए। आज के साहित्यकारों को समाज में हो रहे बदलावों पर भी पैनी आलोचनात्मक दृष्टि रखनी चाहिए और उनके अंधेरे-उजले सभी पहलुओं को सकारात्मक सोच के साथ अपने लेखन के द्वारा सामने लाना चाहिए। वर्तमान परिवेश में साहित्यकारों को निराशा, हताशा, वैमनस्यता पैदा करने वाले लेखन से बचना चाहिए। साहित्यकारों के सृजन के कथ्य और शिल्प के ताने-बाने में एक प्रकार से सूक्ष्म आशावाद गुँथा हुआ दिखाई देना चाहिए। उनका लेखन संकेत देना चाहिए कि दुनिया बदल रही है और उसमें मौजूद तमाम बुराइयों के बावजूद उसे और बेहतर बनाया जा सकता है।
इसे भी पढ़े:- अपने हिस्से की ज़िन्दगी https://sahityanama.com/apni-zindagi-apne-liye-jeena
सदियों तक हमारी परंपरा में साहित्य को सिर्फ आनंद का ही नहीं, ज्ञान का भी प्रकार माना जाता था। आधुनिकता की झोंक में और विज्ञान के बढ़ते विशेषीकरण के दौर में साहित्य और साहित्यकार ही ऐसा ज़रिया बचता है, जहाँ मनुष्य को खंड-खंड में नहीं, संपूर्णता में देखने की कोशिश होती है। साहित्य भी समय, सच्चाई, समाज, व्यक्ति को जानने, समझने की विधा है। वर्तमान परिवेश में साहित्य और समय के बीच ख़ासा जटिल संबंध व संवाद होता है। साहित्यकारों के लिए कई तरह के संबंध एक साथ हो सकते हैं। वर्तमान में जब नागरिक स्वतंत्रताओं पर रोज़ाना किसी न किसी बहाने जमकर हमले हो रहे हैं, साहित्यकारों का दायित्व इस स्वतंत्रता के बचाव के लिए आवाज़ उठाना भी है। वर्तमान परिवेश विद्रूपताओं, विरोधों का है, सर्वग्राही अमानवीयता छाई हुई है। ऐसे दुरवसर पर साहित्यकारों का दायित्व होता है कि वे समाज को कठिन से कठिन समय और परिस्थिति में मनुष्यता बनाए रखने को प्रेरित करें।
राजकुमार जैन राजन
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0