वर्षा ऋतु -कवियों की नजर से

हिंदी और संस्कृत साहित्य में वर्षा ऋतु के सौंदर्य, प्रेम, विरह और मानवीय संवेदनाओं के विविध रूपों का साहित्यिक विवेचन। कालिदास, तुलसीदास, बिहारी, पद्माकर, सुमित्रानंदन पंत, महादेवी वर्मा, नागार्जुन और केदारनाथ अग्रवाल जैसे कवियों की रचनाओं के माध्यम से वर्षा के बदलते काव्यात्मक स्वरूप को समझने का प्रयास। लेख के अंत में वर्षा और विरह की अनुभूति पर आधारित एक मौलिक कविता प्रस्तुत की गई है।

Oct 5, 2026 - 12:43
 0  0
वर्षा ऋतु -कवियों की नजर से
hindi-kavya-mein-varsha-rutu-saundarya-aur-virah
उमड़ घुमड़ कर अम्बर में घन 
झुक-झुक कर करते आलिंगन 
चूम-चूम पर्वत शिखरों को 
स्नेह सिक्त करते अवगुंठन 
नीली नीली पर्वत शृंखलाओं पर जब श्वेत श्याम बदल तिरते हैं और पर्वतों का आलिंगन कर छलक छलक मानो अपनी व्यथा कहना चाहते हैं, तो अनायास ही मन उस अनिर्मेष सौन्दर्य की ओर आकर्षित होता है, और भावुक सा कवि हृदय सृजन करता है बारिश में भींगी फिर एक कविता, अपने हृदय की व्यथा। हिन्दी साहित्य के इतिहास के हर एक काल में अनगिनत ऐसे कवि हुए हैं जिन्होंने वर्षा ऋतु के अप्रतिम सौन्दर्य का वर्णन कर उसके माध्यम से ही अपने हृदय के उद्गार व्यक्त किए हैं। मैं कुछ कवियों की रचनाओं की ओर पाठकों का ध्यान आकर्षित करना चाहूँगी ।
सर्वप्रथम ध्यान आता है कालिदास जी का, जिन्होनें जब संस्कृत भाषा में अपने साहित्य की रचना शुरू की तो ऋतु संहार में जहां विभिन्न ऋतुओं का वर्णन किया है वहीं मेघदूतम में मेघ को ही दूत बनाकर अपनी प्रियतमा के पास संदेश भेजा है। यहाँ पर्वत शिखरों पर उमड़े बादल, प्रेम और संवेदना का प्रतीक तो हैं साथ ही संदेशवाहक भी हैं। यक्ष की पीड़ा बादलों नें सुनी या नहीं या फिर प्रियतमा तक संदेश पहुँचा या नहीं ये कोई नहीं जानता, पर मन में एक प्रश्न सा उठता है की कहीं यक्ष की विरह वेदना स्वयं कालिदास के मन की व्यथा तो नहीं थी?
कश्चित् कान्ताविरह-गुरुणा स्वाधिकारात्प्रमत्तः
शापेनास्तङ्गमित-महिमा वर्षभोग्येण भर्तुः ।
यक्षश्चक्रे जनकतनया-स्नान-पुण्योदकेषु
स्निग्धच्छाया-तरुषु वसतिं रामगिर्याश्रमेषु ।। १.१।।
तस्मिन्नद्रौ कतिचिदबला-विप्रयुक्तः स कामी
नीत्वा मासान् कनकवलय-भ्रंशरिक्तप्रकोष्ठः ।
आषाढस्य प्रथमदिवसे मेघमाश्लिष्ट-सानुं  (प्रशम)
वप्रक्रीडा-परिणतगज-प्रेक्षणीयं ददर्श ।। १.२।। 
कालिदास का मेघदूतम महाकाव्य प्रेम में विरह की चरम सीमा प्रस्तुत करता है। भक्तिकाल में महाकवि तुलसीदास जी नें भी अपनी कृति रामचरितमानस के किष्किन्धा कांड में वर्षा ऋतु का बहुत ही सजीव चित्रण किया है।उन्होनें वर्षा ऋतु के प्राकृतिक दृश्यों का बहुत ही सुंदर वर्णन करते हुए प्रभु श्री राम के मन की व्याकुलता और विरह को बहुत ही सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया है -
‘घन घमंड नभ गरजत घोरा। 
प्रिया हीन डरपत मन मोरा॥
दामिनि दमक रह न घन माहीं। 
खल कै प्रीति जथा थिर नाहीं॥’ 

आकाश में काले बादल उमड़ घुमड़ कर भयंकर गर्जन कर रहे हैं, मानो कोई व्यक्ति घमंड के साथ अपना अस्तित्व साबित कर रहा है,साथ ही बिजली की चमक मन को अस्थिर कर रही है। ऐसे समय में सीता जी के बिना श्री राम का हृदय बहुत व्याकुल है। यहाँ तुलसीदास जी नें प्रकृति के रूप को इंसान के स्वभाव के साथ जोड़ा है। कहने का तात्पर्य यह है कि आसमान में बिजली नहीं टिकती; चमक कर गायब हो जाती है। ठीक उसी तरह दुष्ट व्यक्ति की दोस्ती भी नहीं टिकती। इसी तरह बादल बरस कर पृथ्वी के पास आकर वैसे ही झुक जाते हैं जैसे विद्या पाकर सज्जन व्यक्ति विनम्र हो जाते हैं।
वर्षा ऋतु के सौन्दर्य की अगर बात करें तो रीतिकाल के कवि बिहारी और पद्माकर जी नें शृंगार रस से ओतप्रोत कविताएँ लिखीं हैं। उन्होंने बिजली, रिमझिम फुहारों और झींगुरों की मधुर आवाज के बीच नायिका के सौन्दर्य का वर्णन किया है तथा प्रियतम से मिलन की आतुरता के साथ उसके अभिसारिका रूप का वर्णन किया है। इन कवियों के काव्य में वर्षा ऋतु प्रेम का संदेश लेकर आती है और मिलन गीत सुनती है। लेकिन संयोग शृंगार के साथ साथ कहीं कहीं वियोग शृंगार की छटा भी देखने को मिलती है -
संयोग शृंगार -
पावस ऋतु की पावनी, ऐसी चली बयार ।
हरि-हरि मूरति राधिका, रही लपटि उर-डारि ।। 
(बिहारी-रीतिकाल)
यहाँ साँवले कृष्ण और गोरी राधिका के प्रेम को दिखाया गया है। लेकिन विरोधाभास अलंकार का प्रयोग करके विरह वेदना प्रकट करना बिहारी जी की विशेषता है -
वियोग शृंगार –
स्याम गौरि इक संग मिलि, जोरी भई अनूप।
ज्यों-ज्यों भीजै पिय-बदन, त्यों-त्यों बढ़े अनूप।।
(बिहारी रीतिकाल )
इससे भी पढ़े :- युग कब आएगाhttps://sahityanama.com/when-will-the-era-come
वियोग की अवस्था में वर्षा की बूंदें जब नायिका के बदन पर पड़ती हैं तो उसकी विरह अग्नि और प्रज्ज्वलित हो उठती है और वो व्याकुल हो जाती है। शृंगार रस के दोनों पक्षों में आनंद मिश्रित प्रेम का ही प्रदर्शन है जो रीतिकाल के काव्य की विशेषता है।
रीतिकाल में एक और कवि पद्माकर जी हुए जिन्होनें अपने काव्य में वर्षा ऋतु का बहुत ही सुंदर वर्णन किया है। उनका ऋतु वर्णन सिर्फ ऋतु वर्णन न होकर, मानव मन की भावनाओं कामदेव के प्रभाव और प्रकृति के उमंग का एक मिलाजुला, कलात्मक और चित्रात्मक वर्णन है। बारिश के मौसम में बिजली चमकती है तो लौंग की सुकुमार लताएँ कंपित होकर हिलने डुलने लगती हैं। इस समय नायिका कहती है कि शीतल, मंद और सुगंधित पवन मेरे शरीर का स्पर्श कर मुझे विरह वेदना के ज्वार में धकेलती जा रही है। मेरी व्याकुलता बढ़ती जा रही है, साथ ही बादलों का गर्जन मुझे व्यथित और भयभीत कर रहा है।
चंचला चमाकैं चहूँ ओरन तें चाह-भरी,
चरजि गयी ती फेरि चरजन लागी री।
कहै ‘पद्माकर’ लवंगन की लोनी लता,
लरज गयी ती फेरि लरजन लागी री॥
कैसे धरौं धीर बीर त्रिविध समीरैं तन,
तरज गयीं ती पâेरि तरजन लागी री।
घुमड़ि घमंड घटा घन की घनेरी अबै,
गरजि गयी ती फेरि गरजन लागी री॥ 
(पद्माकर -रीतिकाल)
रीतिकाल के बाद अगर छायावाद काल की बात करें तो इस काल के कवियों नें प्रकृति का अती सुंदर ढंग से वर्णन किया है। सौन्दर्य की चरम सीमा उनके काव्य में परिलक्षित होती है। एक ओर सुमित्रानंदन पंत को प्रकृति का सुकुमार कवि कहा जाता है, तो दूसरी ओर महादेवी वर्मा के लिए वर्षा की बूंदें उनके आँसू और उनकी विरह वेदना का प्रतीक हैं।
सुमित्रानंदन पंत की कविताओं में वर्षा ऋतु सजीव हो उठती है, जिसका सौन्दर्य इतना जादुई है जो अनायास ही पाठक वर्ग को आकर्षित करता है। उन्होनें अपनी कविताओं में मानवीकरण अलंकार का प्रयोग करते हुए पल-पल बदलते मौसम का अनूठा वर्णन किया है-
पावस ऋतु थी, पर्वत प्रदेश,
पल-पल परिवर्तित प्रकृति-वेश।
मेखलाकार पर्वत अपार
अपने सहस्र दृग-सुमन फाड़,
अवलोक रहा है बार-बार
नीचे जल में निज महाकार, 
(सुमित्रानंदन पंत-पर्वत प्रदेश मे पावस )
वहीं दूसरी ओर महादेवी वर्मा का वर्षा ऋतु वर्णन बहुत ही काव्यात्मक और सजीव है तथा उनका और वर्षा ऋतु का संबंध बहुत गहरा है -
मैं नीर भरी दुख की बदली।
स्पंदन में चिर-निस्पंद बसा,
क्रंदन में आहत-विश्व हँसा,
नयनों में दीपक से जलते,
पलकों में निर्झरणी मचली। 
(महादेवी वर्मा-छायावाद)
वे अपने जीवन की तुलना जल से भरे बादल से करती हैं और कहतीं हैं जिस प्रकार बादलों में जल भर राहत है उसी प्रकार मेरा जीवन भी जल (आंसुओं) से भारी दुख की बदली है। जिस प्रकार बादलों के गरजने से सारे संसार में हरियाली और आनंद छा जाता है, उसी प्रकार मेरे आंसुओं को देखकर भी दुनिया आनंदित होती है। जिस प्रकार विस्तृत आकाश में बादल का अपना कोई स्थाई ठिकाना नहीं है, ठीक उसी प्रकार इस संसार में भी मेरा कोई अपना नहीं है। ये जीवन क्षणभंगुर है।
विस्तृत नभ का कोई कोना,
मेरा न कभी अपना होना,
परिचय इतना इतिहास यही,
उमड़ी कल थी मिट आज चली।
(महादेवी वर्मा-छायावाद)
इसके पश्चात अगर हम प्रगतिवादी कवियों की बात करें तो नागार्जुन और केदारनाथ अग्रवाल का नाम याद आता है,जिनके लिए वर्षा ऋतु का सौन्दर्य खेतों और खलिहानों तक पहुँच कर सूखी धरती की प्यास बुझता हुआ ,किसानों के चेहरे पर मुस्कान खिलाता है और मिट्टी की सोंधी खुशबू के साथ मेंढकों और झींगुरों के संगीत से ओतप्रोत हो एक बहुत ही शृंगारिक कविता का रूप धारण करता है। इनके लिए वर्षा ऋतु नई फसल और नई उम्मीद लेकर आता है-
अमल धवल गिरि के शिखरों पर, बादल को घिरते देखा है।
छोटे-छोटे मोती जैसे उसके शीतल तुहिन कणों को,
मानसरोवर के उन स्वर्णिम कमलों पर गिरते देखा है।
बादल को घिरते देखा है।। 
(नागार्जुन)
इस कविता में हिमालय की घाटियों मानसरोवर और वर्षा ऋतु के प्राकृतिक सौन्दर्य का बहुत ही शृंगारिक वर्णन किया है। उनकी भाषा सजीव और चित्रात्मक है । 
अब हम केदारनाथ अग्रवाल जी की बात करें तो वो प्रेम भाव के कवि हैं,पर उनकी कविताओं में शोषित वर्ग की आवाजें भी शामिल हैं। उनकी कविताओं में प्राकृतिक सौन्दर्य के साथ पहाड़, नदी, झरने, जंगल, खेत और किसान भी हैं -
हम न रहेंगे -
हम न रहेंगे तब भी तो यह खेत रहेंगे,
इन खेतों पर घन लहराते शेष रहेंगे,
जीवन देते प्यास बुझाते माटी को मदमस्त बनाते
श्याम बदरिया के लहराते केश रहेंगे। 
(केदारनाथ अग्रवाल)
इस तरह देखा जाए तो गर्मी से झुलसी धरती पर जब पानी की बूंदें पड़ती हैं तो मिट्टी की सौंधी महक अंग-अंग में ताजगी का संचार करती है; मन को मादक बनाती है और कदम अपने आप थिरकने लगते हैं। ऐसे में एक कवि मन क्यूँ न प्रफुल्लित हो और सृजित करे अपनी कलम से एक नई कविता, बारिश में भींगती हुई, हरे-हरे खेतों-खलिहानों से गुजरती हुई, आषाढी पवन के झोंके पर सवार एक सम्पूर्ण नवल रचना, जिस तरह वर्षा की बूंदों से धरती हरी-भरी हो सजीव हो उठती है ।
 
आषाढ़ष्य प्रथम दिवसे
आच्छादित होकर सघन
विरहिणी के अश्रु सदृश
अब अंबर से छलको घन
क्यूं रुके कोर में नयनों की
क्या किसी से किया है वादा
आतुर छलकने को मगर
क्यूं वृथा मौन ये साधा
असह्य वेदना हृद में धर
डोलते फिर भी संग पवन
विरहिनी के अश्रु सदृश
अब अंबर से छलको घन
जाने कैसी घनीभूत सी
पीड़ा है अंतस् में छाई
देखकर श्यामल सघन घन
प्रियवर तेरी याद सताई
पुरवाई संग मन डोले पर
वृथा शोक में सजल नयन 
विरहिनी के अश्रु सदृश
अब अंबर से छलको घन
नमिता स्मृति

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0