‘श्रीमद्भगवद् गीता’ में प्रयुक्त कृष्ण के नाम-पर्यायों का शैलीगत अध्ययन
प्रस्तुत आलेख में ‘श्रीमद्भगवद्गीता’ में भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न नामों एवं सम्बोधनों के अर्थ, महत्त्व और प्रसंगगत विशेषताओं का विश्लेषण किया गया है। कृष्ण, माधव, हृषीकेश, अच्युत, केशव, मधुसूदन, जनार्दन, वासुदेव, पुरुषोत्तम और गोविन्द जैसे नामों के माध्यम से उनके व्यक्तित्व, दिव्यता, शक्ति, गुरु-स्वरूप और अर्जुन के साथ उनके संबंधों को समझने का प्रयास किया गया है। आलेख स्पष्ट करता है कि श्रीकृष्ण के प्रत्येक नाम का अपना विशिष्ट अर्थ और संदर्भ है, जो उनके विराट स्वरूप के अलग-अलग पक्षों को उजागर करता है।
‘श्रीमद्भगवद् गीता’ का मनुष्य जीवन में अपना एक विशेष महत्त्व है, एक विशेष स्थान है। आज तक संसार में कुल २७९६ भाषाओं में गीता जैसा कोई ग्रन्थ नहीं पाया गया है। गीता में भगवान श्रीकृष्ण और अर्जुन का संवाद है। इस संवाद से अर्जुन को क्या प्राप्त हुआ? यह गीता के अन्तिम श्लोक में बताया गया है - विभूति, विजय और श्री की प्राप्ति।
संसार में एक ही व्यक्ति ने गीता को जाना-समझा है और आत्मसात् किया है और उस व्यक्ति ने ही गीता का सन्देश अर्जुन को दिया था। श्रीकृष्ण के बाद कोई दूसरा व्यक्ति गीता को समझ नहीं पाया, न किसी को समझा पाया। गीता के कुल १८ अध्यायों में सात सौ श्लोक हैं। जिनमें धृतराष्ट्र ने एक, संजय ने ४१, अर्जुन ने ८४ तथा श्रीकृष्ण ने ५७४ श्लोक कहे हैं।
गीता के चतुर्थ अध्याय में भगवान अर्जुन को सूचित करते हैं कि गीता की यह योग-पद्धति सर्वप्रथम सूर्यदेव को बतायी गयी, सूर्यदेव ने इसे मनु को बताया और मनु ने इसे इक्ष्वाकु को बताया। इस प्रकार गुरु-परम्परा द्वारा यह योग-पद्धति एक वक्ता से दूसरे वक्ता तक पहुँचती रही। लेकिन कालान्तर में यह छिन्न-भिन्न हो गई। फलस्वरूप भगवान को इसे फिर से बताना पड़ा। इस बार कुरुक्षेत्र के युद्ध-स्थल में अर्जुन को विशेष रूप से भगवान ने गीता का उपदेश दिया, क्योंकि अर्जुन भगवान श्रीकृष्ण का भक्त, प्रत्यक्ष शिष्य तथा घनिष्ठ मित्र था।
दशम अध्याय में अर्जुन श्रीकृष्ण से कहता है कि 'आप जो कुछ कहते हैं, उसे मैं सत्य मानता हूँ।' प्रारम्भ में अर्जुन निश्चय करता है कि वह कुरुक्षेत्र में युद्ध नहीं लड़ेगा। वह भगवान से कहता है कि वह अपने ही सम्बन्धियों को मारकर राज्य का भोग नहीं करना चाहता। लेकिन भगवद्गीता के उपदेश के बाद वह भगवान के आदेशानुसार युद्ध करने का निश्चय करता है - 'करिष्ये वचनं तव' - 'मैं आपके वचन के अनुसार ही कार्य करूँगा।'
गीता में विभिन्न देवों की पूजा करने का अनुमोदन नहीं किया गया है। उसमें कहा गया है कि जो कामनाएँ वासना द्वारा निर्देशित होती हैं, वे भगवान कृष्ण की पूजा न करके देवताओं की पूजा करते हैं। (७.२०) कृष्ण का अर्थ है सर्वोच्च आनन्द। आठवें अध्याय में कहा गया है कि जो व्यक्ति मृत्यु के समय कृष्ण का चिन्तन करता है, वह कृष्ण को प्राप्त होता है। मनुष्य को चाहिए कि वह कृष्ण के स्वरूप का स्मरण करे और यदि इस रूप का चिन्तन करते हुए वह मर जाता है तो वह भगवद् धाम को प्राप्त होता है। अपने शरीर को त्यागते समय मनुष्य जिस-जिस भाव का स्मरण करता है, वह अगले जन्म में उस-उस भाव को निश्चित प्राप्त होता है।
गीता के अंतिम अंश में कृष्ण जोर देकर कहते हैं - ठसब धर्मों को त्याग कर एकमात्र मेरी ही शरण में आओ। मैं तुम्हें समस्त पापों से मुक्त कर दूंगा। तुम डरो मत।ठ इस प्रकार अपनी शरण में आए भक्त का पूरा उत्तरदायित्व भगवान अपने ऊपर ले लेते हैं और उसके समस्त पापों को क्षमा कर देते हैं। भगवान कृष्ण अर्जुन से कहते हैं - 'मेरा स्मरण करो।' भगवान कृष्ण के नामों का निरन्तर कीर्तन करने और उनका स्मरण करने में कोई अन्तर नहीं है, क्योंकि कृष्ण तथा कृष्ण के नाम में कोई अन्तर नहीं है। चरम दशा में नाम तथा नामी में कोई अन्तर नहीं होता। अतः कृष्ण के नाम-पर्यायों का अध्ययन अपने आपमें विशेष महत्त्व रखता है।
प्रस्तुत निबन्ध में कृष्ण के नाम-पर्यायों का अध्ययन इसी दृष्टि से किया गया है कि यह ज्ञात हो कि उनके नाम-पर्यायों का क्या महत्त्व है तथा नाम-पर्याय नामी के सन्दर्भगत महत्त्व को बिम्बित करने में कहाँ तक सफल हो सके हैं। ‘श्रीमद्भगवद् गीता’ में प्रयुक्त कृष्ण के सभी नाम तथा सम्बोधन एक ही पात्र का अनुबोध कराते हैं। अतः वे समानार्थक होते हुए भी अपने-अपने विशिष्ट अर्थ के कारण भिन्न-भिन्न अर्थ देते हैं। विवेच्य कृति में कृष्ण को उसी नाम से सम्बोधित करने का प्रयत्न किया गया है, जो उनके सही बिम्ब को उभारने में समर्थ है।
‘श्रीमद्भगवद् गीता’ में कृष्ण के नाम-पर्याय
‘श्रीमद्भगवद् गीता’ में कृष्ण के लिए कृष्ण, अच्युत, केशव, गोजना, वासुदेव, प्रभु, पुरुषोत्तम, भूतेश, गुरु, जगत्पते, हरि, देवेश, देववर, आदिदेव, योगेश्वर, परमेश्वर, देवदेव, विश्वेश्वर, विश्वमूर्ति, परम सत्य, नित्य, दिव्य, आदिपुरुष, भगवान, गुमायन, केशिनिषूदन, चतुर्भुज जैसे पर्यायों के प्रयोग किए हैं। जिनमें अर्थस्तर की समतामूलक समान्तरता प्राप्त होती है।
इसके अतिरिक्त दसवें अध्याय में कृष्ण ने ३३ श्लोक कहे हैं, जिनमें ९६ बार 'मैं' शब्द का प्रयोग हुआ है। जिनमें उन्होंने स्वयं को अदिति के पुत्रों में विष्णु बताया है। इसके अतिरिक्त स्वयं को सूर्य, मरीचि, चंद्र, सामवेद, इन्द्र, मन, चेतना, शंकर, कुबेर, मेरु पर्वत, बृहस्पति, कार्तिकेय, सागर, भृगु, एकाक्षर, ओंकार, जपयज्ञ, हिमालय, नारद, चित्ररथ, कपिल मुनि, राम, प्रह्लाद, शेषनाग आदि बताया है।
कृष्ण
यह कृष्ण का व्यक्तिवाचक नाम है। व्यक्ति का व्यक्तिवाचक नाम ही उसका मूल सम्बोधक अथवा परिचायक होता है। विवेच्य ग्रन्थ में इस पर्याय का नौ बार प्रयोग हुआ है।
गोकुल के कुल पुरोहित गर्गाचार्य ने बालक के जन्माक्षर बनाए थे। ऋषि-मुनियों द्वारा रचे नियमों के अनुसार बालक का नाम 'क', 'घ' अथवा 'श' पर रखा जा सकता था। जैसे कृष्ण, घनश्याम अथवा श्याम। कुल पुरोहित ने 'कृष्ण' नाम रखा। 'कृष्ण' शब्द 'कृष्' धातु से बना है, जिसका अर्थ होता है आकर्षण। अर्थात् कृष्ण का अर्थ है जिसमें अपनी ओर आकृष्ट करने की शक्ति हो, जो आकर्षक हो।
कृष्ण खींचने-खिंचाने वाले हैं। कृष्ण एक खिंचाव है, एक कशिश है, जिसमें पड़कर देह देह नहीं रह जाती, भाव बन जाती है। आँखें आँखें नहीं रह जातीं, रूप बन जाती हैं। प्यार भी प्यार नहीं रह जाता, वह प्रियतमत्व का साधक हो जाता है।
कृष्ण के प्रेम से अभिभूत उनके मित्र अर्जुन कहते हैं कि आपको आगे, पीछे तथा चारों ओर से नमस्कार है। हे असीम शक्ति! आप अनन्त पराक्रम के स्वामी हैं। आप सर्वव्यापी हैं, अतः आप सब कुछ हैं। आप आदिदेव हैं, सनातन पुरुष तथा इस जगत के परम आश्रय हैं। आप सब कुछ जानने वाले हैं और आप ही सब कुछ हैं। आप ब्रह्मा से भी बढ़कर हैं, आप आदि सृष्टा हैं। आप अनन्त हैं, देवेश हैं, जगन्निवास हैं, भौतिक जगत से परे हैं।
कुरुक्षेत्र की युद्धभूमि में स्वजनों को देखकर अर्जुन को विषाद होता है तो वह कहता है - हे कृष्ण! युद्धभूमि में अपने समक्ष स्वजनों को देखकर मेरे शरीर के अंग काँप रहे हैं और मेरा मुँह सूख रहा है। इस स्थिति से कृष्ण ही अर्जुन को उबारते हैं। अर्जुन जब अपने विषाद की बात करता है तो भगवान को 'कृष्ण' कहकर संबोधित करता है, क्योंकि श्रीकृष्ण निष्काम कर्मयोगी, स्थितप्रज्ञ, दार्शनिक और युगपुरुष हैं।
माधव
यह पर्याय दो बार प्रयुक्त है। अर्जुन द्वारा कृष्ण को माधव, मा (लक्ष्मी) और धव (पति), अर्थात् लक्ष्मीपति के रूप में सम्बोधित करना सार्थक है। जहाँ-जहाँ भगवान विद्यमान हैं, वहीं-वहीं लक्ष्मी भी रहती है, क्योंकि वे अपने पति के बिना नहीं रह सकतीं। विजय तथा श्री दोनों ही अर्जुन की प्रतीक्षा कर रही थीं।
हृषीकेश
यह पर्याय छः बार प्रयुक्त है। 'पाञ्चजन्यं हृषीकेशो देवदत्तं धनञ्जयः।' इसमें भगवान कृष्ण को हृषीकेश कहा गया है, क्योंकि वे ही समस्त इन्द्रियों के स्वामी हैं। सारे जीव उनके भिन्नांश हैं। भगवान समस्त जीवों के हृदयों में स्थित होकर उनकी इन्द्रियों का निर्देशन करते हैं। कुरुक्षेत्र की युद्धभूमि में भगवान कृष्ण अर्जुन की दिव्य इन्द्रियों का निर्देशन करते हैं, इसलिए उनको हृषीकेश कहा गया है। हृषीकेश शब्द का प्रयोग सूचित करता है कि वे सब कुछ जानते थे।
अच्युत
यह पर्याय तीन बार प्रयुक्त है। कृष्ण को अर्जुन हृषीकेश तथा अच्युत के नाम से सम्बोधित करता है -
'हृषीकेशं तदा वाक्यमिदमाह महीपते।
सेनयोरुभयोर्मध्ये रथं स्थापय मेऽच्युत।'
अच्युत का अर्थ होता है, जो अपने पद से कभी च्युत न हो, गिरे नहीं, हिले नहीं। यह संज्ञा तो मात्र भगवान को दी जा सकती है, क्योंकि इस चलायमान संसार में वही एक स्थायी सत्ता का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। न्याय, धर्म और सत्य के लिए संघर्ष में अर्जुन के साथ थे। वे अपने जीवन में कभी इससे हिले भी नहीं थे। जिसे वे सत्य मानते थे, धर्म मानते थे, न्याय मानते थे, उसके लिए उन्होंने जीवन भर संघर्ष किया और कभी लक्ष्यच्युत नहीं हुए। इसलिए उन्हें अच्युत नाम से सम्बोधित किया गया है। वे अपने भक्तों पर स्नेह दिखाने में कभी नहीं चूकते, इसलिए अर्जुन ने उन्हें अच्युत कहा है। सारथी रूप में उन्हें अच्युत की आज्ञा का पालन करना था और उन्होंने इसमें कोई संकोच नहीं किया। अतः उन्हें अच्युत कहकर संबोधित किया गया है।
केशव
यह पर्याय आठ बार प्रयुक्त है। कृष्ण केशि असुर को मारते हैं, इसलिए केशव कहलाते हैं। अर्जुन चाहता है कि कृष्ण उस अज्ञानरूपी असुर का वध करें, जिसने उसे कर्तव्य से विमुख कर दिया है। 'निमित्तानि च पश्यामि विपरीतानि केशव।' हे केशव! मुझे तो केवल अमंगल के कारण दिख रहे हैं। इसी अर्थ में एक बार केशिनिषूदन का प्रयोग किया गया है।
मधुसूदन
यह पर्याय पाँच बार प्रयुक्त है। अर्जुन ने भगवान को पाँच बार मधुसूदन कहकर सम्बोधित किया है, क्योंकि कृष्ण ने मधु नामक असुर का वध किया था। अर्जुन के मन में उठने वाली शंकाएँ असुरों के सदृश हैं। चूँकि कृष्ण असुरों को मारने में सिद्धहस्त थे, अतः अर्जुन उन्हें मधुसूदन कहकर सम्बोधित करता है, जिससे कृष्ण उसके मन में उठने वाली समस्त आसुरी शंकाओं को नष्ट कर दें। अर्जुन चाह रहा है कि कृष्ण उस अज्ञानरूपी असुर का वध करें, जिसने उसे कर्तव्य से विमुख कर रखा है।
'एतान्न हन्तुमिच्छामि घ्नतोऽपि मधुसूदन।
अपि त्रैलोक्य-राजस्य हेतोः किं नु महीकृते।।'
इससे ही पढ़े:- रावण: एक जटिल व्यक्तित्व https://sahityanama.com/ravan-ka-charitra-adhunik-drishtikon-vijayadashami-vishleshan
हे मधुसूदन! चाहे ये लोग मुझे मार भी डालें, किन्तु मैं तो त्रिलोक के राज्य के लिए भी इन्हें मारने की इच्छा नहीं रखता, फिर किस तरह से पृथ्वी के राज्य के लिए मैं इन्हें मारूँ?
जनार्दन
'जनार्दन' का छः बार प्रयोग किया गया है। जनार्दन का अर्थ है जीवों के पालक। अर्जुन कहता है कि हे जीवों के पालक! मैं इन सबों से लड़ने को तैयार नहीं, भले ही बदले में मुझे तीनों लोक क्यों न मिलते हों, इस पृथ्वी की तो बात ही छोड़ दें। भला धृतराष्ट्र के पुत्रों को मारकर हमें कौन-सी प्रसन्नता मिलेगी।
वासुदेव
'वासुदेव' का नौ बार प्रयोग हुआ है। वासुदेव के पुत्र होने के कारण इनका नाम वासुदेव है। यह अपत्यवाचक नाम है।
वाष्र्णेय
'वाष्र्णेय' का दो बार प्रयोग हुआ है। वृष्णि वंश में उत्पन्न होने के कारण इनका नाम वाष्र्णेय है। यह भी अपत्यवाचक नाम है।
भूतभावन
इस पर्याय का एक बार प्रयोग किया गया है। श्रीकृष्ण सबके उद्गम हैं। वे समस्त जीवों के जनक हैं। इसलिए अर्जुन उन्हें भूतभावन कहकर संबोधित करता है।
भूतेश
इस पर्याय का भी एक बार प्रयोग किया गया है। श्रीकृष्ण सभी जीवों के स्वामी हैं। वे परम नियन्ता हैं। इसलिए अर्जुन उन्हें भूतेश या परम नियन्ता कहते हैं।
पुरुषोत्तम
इस पर्याय का पाँच बार प्रयोग हुआ है। अर्जुन श्रीकृष्ण को पुरुषोत्तम या परम पुरुष कहकर संबोधित करता है, जिसका अर्थ यह हुआ कि वह सारे प्रश्न अपने एक मित्र से नहीं, अपितु परम पुरुष से, उन्हें प्रमाण मानकर करता है, जो निश्चित उत्तर दे सकते हैं। श्रीकृष्ण पुरुषोत्तम हैं, सारे पुरुषों में उत्तम हैं।
प्रभु
इस पर्याय का भी पाँच बार प्रयोग हुआ है। इससे श्रीकृष्ण की श्रेष्ठता उजागर होती है। 'प्रभु' शब्द का अर्थ होता है वह, जो अनुग्रह या निग्रह करने में समर्थ हो - 'निग्रहानुग्रह समर्थ'।
हरि
यह पर्याय एक बार प्रयुक्त है। यह पापहारक सूचक है। प्राणियों के पाप को हर लेने के कारण श्रीकृष्ण को 'हरि' कहा जाता है। 'हरति पापानीति हरिः।' अर्जुन 'कृष्ण' के लिए इसी अर्थ में 'हरि' का प्रयोग करता है।
योगेश्वर
इस पर्याय का तीन बार प्रयोग हुआ है। गीता में 'योगेश्वर' शब्द अत्यन्त सार्थक है, क्योंकि भगवान के पास असीम शक्ति है। यदि वे चाहें तो असीम होकर भी अपने आपको प्रकट कर सकते हैं। वे परम शक्तिशाली योगी हैं।
देवेश, देववर, देवदेव
इन पर्यायों का एक-एक बार प्रयोग हुआ है। श्रीकृष्ण समस्त देवताओं के स्वामी हैं। उन्हें सभी देवताओं के पूजनीय देव कहा गया है। वे देवताओं के स्वामी हैं, ईशों के ईश हैं। सभी देवताओं में श्रेष्ठ हैं। इसलिए अर्जुन उन्हें देवेश, देववर, देवदेव कहता है।
वे आदिदेव हैं। सम्पूर्ण ब्रह्माण्ड के स्वामी हैं। आदि परमेश्वर हैं, जगत के स्वामी हैं। इसलिए अर्जुन उन्हें 'जगत्पते' कहकर सम्बोधित करता है।
अक्षर
इस पर्याय का एक बार प्रयोग हुआ है। अर्जुन कहता है कि भगवान श्रीकृष्ण अक्षर हैं। उनका क्षर नहीं होता। वे अविनाशी हैं। अनन्त वीर्य हैं। असीम पौरुष, अमित विक्रम, असीम बल है। वे समस्त बल तथा पराक्रम के स्वामी हैं।
विष्णु
इस पर्याय का भी एक बार प्रयोग हुआ है। श्रीकृष्ण विष्णु के परम अवतार हैं। वे विश्वव्यापी भगवान हैं।
गुरु
यह पर्याय एक बार प्रयुक्त है। अर्जुन कहता है कि श्रीकृष्ण गुरु हैं, क्योंकि सर्वप्रथम उन्होंने ही ब्रह्मा को वेदों का उपदेश दिया, सूर्य को गीता का उपदेश दिया और कुरुक्षेत्र में इस समय वे अर्जुन को श्रीमद्भगवद् गीता का उपदेश दे रहे हैं। अतः वे आदि गुरु हैं।
गुरु का अर्थ होता है गुरु। 'गु' का अर्थ होता है अन्धकार और 'रु' का अर्थ - दूर करना। इस प्रकार गुरु अज्ञान के अन्धकार को दूर करते हैं। कुरुक्षेत्र में भगवान श्रीकृष्ण अर्जुन के अज्ञान, माया, मोह आदि अन्धकार को दूर करते हैं। किसी भी प्रामाणिक गुरु को कृष्ण से प्रारंभ होने वाली गुरु-परम्परा का वंशज होना चाहिए। कृष्ण का प्रतिनिधि हुए बिना न तो कोई शिक्षक और न आध्यात्मिक गुरु हो सकता है।
गोविन्द
इस पर्याय का ‘श्रीमद्भगवद् गीता’ में दो बार प्रयोग हुआ है। अर्जुन कहता है -
'किं नो राज्येन गोविन्द किं भोगैर्जीवितेन वा।
येषामर्थे काङ्क्षितं नो राज्यं भोगाः सुखानि च।।'
हे गोविन्द! हमें राज्य, सुख अथवा इस जीवन से क्या लाभ? क्योंकि जिन सारे लोगों के लिए हम इन्हें चाहते हैं, वे ही इस युद्धभूमि में खड़े हैं।
यहाँ अर्जुन भगवान श्रीकृष्ण को गोविन्द कहकर सम्बोधित करता है, क्योंकि वे गौवों तथा इन्द्रियों की समस्त प्रसन्नता के विषय हैं। इस विशिष्ट शब्द का प्रयोग करके अर्जुन संकेत करता है कि कृष्ण यह समझें कि अर्जुन की इन्द्रियाँ कैसे तृप्त होंगी। किन्तु गोविन्द हमारी इन्द्रियों को तुष्ट करने के लिए नहीं हैं। हाँ, यदि हम गोविन्द की इन्द्रियों को तुष्ट करने का प्रयास करते हैं तो हमारी इन्द्रियाँ स्वतः तुष्ट होती हैं।
भौतिक जगत में प्रत्येक व्यक्ति अपनी इन्द्रियों को तुष्ट करना चाहता है और चाहता है कि ईश्वर उसके आज्ञापालक की तरह काम करें। किन्तु भगवान उनकी तृप्ति वहीं तक करते हैं, जितने के वे पात्र होते हैं। उस हद तक नहीं, जितना वे चाहते हैं। किन्तु जब कोई इसके विपरीत मार्ग ग्रहण करता है, अर्थात् जब वह अपनी इन्द्रियों की तृप्ति की चिन्ता छोड़कर गोविन्द की इन्द्रियों की तुष्टि करने का प्रयास करता है तो गोविन्द की कृपा से जीव की सारी इच्छाएँ पूर्ण हो जाती हैं।
'गोविन्द' शब्द को कुछ विद्वान 'गोपेन्द्र' शब्द का प्राकृत रूप बताते हैं। गियर्सन ने इस शब्द को 'गोपेन्द्र' शब्द से निकला हुआ बताया है। भण्डारकर के मत से इस शब्द का सम्बन्ध ऋग्वेद के इन्द्र से अधिक सम्भव है। 'गो' का अर्थ गाय के अतिरिक्त इन्द्रिय और पृथ्वी भी होता है।
ध्यातव्य है कि श्रीकृष्ण व्रज में नहीं, कुरुक्षेत्र की युद्धभूमि में अर्जुन को श्रीमद्भगवद् गीता का उपदेश दे रहे हैं। यही कारण है कि अर्जुन श्रीकृष्ण को मोहन, गिरिधर, गोपाल, नन्दलाल, ब्रजराज, जदुपति, रसिकशिरोमणि, राधारमण, रुक्मिणीरमण, कूबरीरमण, मुरारि, मुरलीधर जैसे पर्यायों का प्रयोग नहीं करता है। यहाँ तक कि 'चक्रधर' पर्याय का भी प्रयोग नहीं किया गया है।
डॉ. विजय विनीत
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0