डडैर (डढैर) नृत्य
डडैर नृत्य पूर्वी राजस्थान के करौली जिले के डांग क्षेत्र, विशेषकर मंडरायल और करनपुर के गाँवों में प्रचलित एक अनोखा पारंपरिक लोकनृत्य है। डांडिया नृत्य की शैली पर आधारित इस लोकनृत्य में पुरुष गोल घेरा बनाकर ढोलक, झिंगा और घुंघरुओं की ताल पर लकड़ी की डंडियों के साथ गायन और नृत्य करते हैं। इसमें आल्हा, भोमिया जी, गणेश जी और धूरियां बाबा जैसी धार्मिक एवं पौराणिक कथाओं का गायन किया जाता है। तलवारबाजी, लंका दहन और अन्य पारंपरिक करतब इसकी विशेष पहचान हैं। सावन, भादों और क्वार के महीनों में आयोजित होने वाला यह लोकनृत्य ग्रामीण संस्कृति, आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भावना का प्रतीक है।
राजस्थान में वैसे तो कई प्रकार के नृत्य प्रचलित हैं, लेकिन पूर्वी राजस्थान की चंबल की घाटियों में बसे गाँवों के लोगों द्वारा किया जाने वाला डडैर नृत्य आज तक प्रकाश में नहीं आ पाया। यह नृत्य पूर्वी राजस्थान के जिले करौली (डांग क्षेत्र), जो कि मंडरायल, करनपुर के गाँवों में खेला जाता है। इस नृत्य की प्रमुख मंडलियाँ (जोठ) टोडा, सिमारा, कैंमकच्छ, अरोरा, कसेड, जगडपुरा, खिरकन इसके लिए प्रसिद्ध हैं। यह क्षेत्र अत्यधिक पिछड़ा हुआ होने के कारण आज तक इस लोक नृत्य (खेल) डडैर को पहचान नहीं मिल सकी। डडैर नृत्य डांडिया नृत्य की तर्ज पर किया जाता है। चंबल नदी के किनारे बसे हुए मंडरायल, करनपुर के गाँवों के अतिरिक्त सीमावर्ती मध्य प्रदेश के गाँवों में भी यह नृत्य खेला जाता है। डडैर नृत्य (खेलना) मुख्यतः सावन, भादों, क्वार (जुलाई-अगस्त) के महीनों में खेला जाता है। अधिकतर भादो के महीने में इसके आयोजन किए जाते हैं।
इस नृत्य (खेल) में पुरुष भाग लेते हैं। गोल घेरा बनाकर इस नृत्य को करते हैं। वाद्य यंत्रों में ढोलक, झिंगा, कमर और पैरों में घुंघरू बाँधे जाते हैं। हाथों में लकड़ियों की डंडियों का प्रयोग किया जाता है। इस खेल में गायन के साथ-साथ नृत्य भी किया जाता है।
मंडरायल डांग क्षेत्र की घाटियों में यह नृत्य प्रचलित है। गाँव में विशेषकर वर्षा काल में इस नृत्य के दंगल (प्रतियोगिताओं) का आयोजन गाँव वालों के द्वारा करवाया जाता है, जिसमें एक साथ कई गाँवों की मंडलियों (जोठों) को आमंत्रित किया जाता है। बुलाने के लिए उनको निमंत्रण पत्र (कागज देना) भेजा जाता है। उस निमंत्रण पत्र में आयोजन की तिथि और समय लिखा होता है। उस निमंत्रण पत्र में गाँव के वरिष्ठ व्यक्तियों (पंच पटेल) के हस्ताक्षर होते हैं। आमंत्रित गाँव की पार्टियाँ (मंडलियाँ) उस निमंत्रण पत्र को स्वीकार करके निर्धारित तिथि को गायन और नृत्य की प्रस्तुति करने के लिए पहुँच जाती हैं, जिसे खेलना कहा जाता है, और वहाँ पर क्रमानुसार अपनी प्रस्तुति देती हैं। प्रस्तुति खुले मैदान में दी जाती है। देखने के लिए पुरुष व महिलाएँ इकट्ठे होते हैं। जोठ में एक व्यक्ति नेतृत्वकर्ता होता है, जिसे ठमेडियाठ कहा जाता है, जो उस जोठ का नेतृत्व करता है।
लैगी: डडैर नृत्य में धार्मिक, पौराणिक कथाओं को अपने शब्दों में पिरोकर उस कथानक को प्रस्तुत करना लैगी कहा जाता है।
इससे ही पढ़े:- चस्का मंच संचालन का ! https://sahityanama.com/Chaska-stage-operation
चार्ली देना: जिसके आधार पर ढोलकिया ढोल बजता है और जोठ (टीम) के सदस्य लड़कियों की डंडियों को बजाते हैं। सभी लोग खड़े होकर और बैठकर नृत्य करते हैं। इस खेल नृत्य में ५० से ७० लोगों की जोठ (टीम) होती है।
कथाएँ: आल्हा, भोमिया जी, गणेश जी, धूरियां बाबा आदि की कथाएँ मुख्य रूप से प्रस्तुत की जाती हैं। यह खेल (नृत्य) ४० से ५० मिनट के मध्य प्रस्तुत किया जाता है। साथ ही खेलार पैरों में व कमर पर घुंघरू बाँधकर प्रस्तुति देते हैं।
प्रमुख करतब: तलवारबाजी, लंका दहन, हाथ से सुदर्शन चक्र की तरह साइकिल के पहियों को घुमाना, खाट को दाँतों से पकड़कर नाचना आदि करतब लोगों के द्वारा दिखाए जाते हैं।
पहनावा: कमर व पैरों में घुंघरू, सफेद बनियान, सफेद धोती, कमर में लाल या सफेद रंग का दुपट्टा।
नृत्य (खेल) के अंत में मेडिया, जो ठजोठठ का नेतृत्व करता है, उसको साफा बाँधकर स्वागत किया जाता है और समस्त टीम को खीर-पुआ का भोजन करवाया जाता है। ग्रामीण अंचल का यह अनोखा नृत्य (खेल) आपसी भाईचारे और सद्भावना को बढ़ावा देता है।
राजेश कुमार मीना
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0