उपहार

यह कहानी एक मध्यमवर्गीय परिवार के माध्यम से रिश्तों के बदलते स्वरूप और नई पीढ़ी की सोच को उजागर करती है। अनु और विनय जहां रिश्तों को निभाने में विश्वास रखते हैं, वहीं उनका बेटा निलय रिश्तों में एकतरफा प्रयास पर सवाल उठाता है। कहानी दर्शाती है कि समय के साथ पारिवारिक संबंधों में संतुलन, अपेक्षाएँ और सोच कैसे बदल रही हैं।

Apr 15, 2026 - 12:39
Apr 17, 2026 - 15:30
 0  2
उपहार
badalte-rishte-nayi-peedhi-ki-soch-parivarik-kahani

सुनो जी! इस दीवाली पर दूज के दिन भैया का जन्मदिन भी है कुछ अच्छा लेना है उनके लिए। अनु ने विनय से कहा।
क्यों? पीछे से निलय की आवाज आई।
क्यों गिफ्ट लेना है उनके लिए। साल में तीन बार तो ऐसे भी देते ही हो गिफ्ट। बदले में वो क्या देते हैं हम लोगों को। हम चारों का भी जन्मदिन आता है, आप लोगों की एनिवर्सरी भी आती है। उन्हें क्यों याद नहीं रहते ये। बस साल भर में राखी और दूज पर आना, वो भी किलो भर फल मिठाई के साथ।

 निलय तुम चुप रहो, बड़ों के बीच नहीं बोलना चाहिए, बच्चों को! अनु ने जोर से डांटा।
क्यों नहीं बोलना चाहिये? हम इतने छोटे भी नहीं हैं। कॉलेज पढ़ने लगे हैं अब। और ये घर की बात है तो हम क्यों इसका हिस्सा नहीं बन सकते? उसने प्रश्न किया।
अनु की शादी को बीस साल हो गए। जब से वो आई इस घर में सबको जोड़ कर रखने का प्रयास किया उसने। ससुराल और मायके दोनों तरफ संतुलन बना कर चलती रही। कभी किसी को नाराज नहीं होने दिया, कोई हो भी गया किसी वजह से, तो अनु ही थी पूरे परिवार में जो रूठे को मनाना जानती थी।
ननद, देवर, भाई, भौजाई उनके बच्चे सब के जन्मदिन पर, त्योहारों पर सबके लिए उपहार लेना। सबको बराबर घर आने पर सम्मान देना ये उसने बचपन से सीखा था। विनय भी कभी मना नहीं करते उसे। उन्हें भी ये सब अच्छा लगता। हर त्योहार पर घर भरा भरा रहता तो आनन्द कई गुना बढ़ जाता।
विनय के माता पिता भी अनु के इस गुण के कायल थे। हर बुजुर्ग चाहते हैं उनका परिवार स्नेह के धागे में मजबूती से गूंथा रहे।
उनके जाने के बाद भी ये परम्परा जारी थी। 
पर आज पहली बार विरोध का स्वर उठा था घर में।

यह भी पढ़े :- बाबूजी

नहीं पापा,बहुत हुआ! अब ये सब नहीं चलेगा। निलय की आवाज में अवज्ञा थी। आज एक बात का जवाब दीजिये आप दोनों।
विनय को समझ नही आ रहा था निलय को क्या बुरा लगा है। क्यों इस तरह विरोध कर रहा है वो। जबकि सबके साथ उसके रिश्ते भी मधुर हैं। छुट्टियों में वो कभी बुआ के घर जाता है, मामा के यहां भी। फिर क्यों आज ये सवाल खड़ा हुआ उसके मन में।
एक बात बताइये? निलय ने प्रश्न किया। मां आपको सबके जन्मदिन, एनिवर्सरी याद रहती है। किसी को आप का जन्मदिन याद रहता है? बचपन से बुआ के जन्मदिन पर हम उनके यहां जाते हैं। मामा की एनिवर्सरी गर्मी की छुट्टियों में पड़ती है तब हम वहीं होते हैं आप हर बार उनकी पसंद का गि़फ्ट लेती हैं। लेकिन आपके या पापा के जन्मदिन पर कोई आता है घर? आपकी एनिवर्सरी भी तो आती है? कोई उपहार क्यों नहीं देता? जितना दूर मायका आपके लिए है उतनी ही दूर तो उनके लिए हमारा घर भी है। वो क्यों नहीं आते कभी याद करके? फूफाजी तो ऑफिस के काम से यहां आते ही रहते हैं, घर भी आते हैं। पर उन दिनों में क्यों नहीं आते? उनके साथ बुआ भी तो आ सकती हैं न जन्मदिन या एनिवर्सरी पर। पर कोई नहीं आता।
तो क्या हुआ निलय। हमारे अपने हैं वो। नहीं आते तो कोई न कोई वजह होती है। सबकी अपनी व्यस्तताएं होती हैं। रिश्ते तो अपने ही हैं न बेटे। अनु ने निलय को समझाने की कोशिश की।
अच्छा ऐसा है क्या! फिर आप लोग व्यस्त क्यों नहीं रहते कभी? हर बार हर साल कैसे समय होता है आप लोगों के पास।

माँ मेरी बदतमीजी के लिए सॉरी। लेकिन बचपन से देखते आ रहे हैं ये सब। चलिए आप दोनों बड़े हैं सब से, शायद इसलिए आप को उनकी तरफ से कोई उपहार नहीं मिलता। सबको लगता होगा कि बड़ों को क्या दें, कैसे दें? लेकिन मेरा  जन्मदिन भी तो आता है हर साल। मुझे कोई क्यों कुछ नहीं देता। छोटा था तो खिलौने, कपड़े मिल जाते थे। पर समय के साथ सब बंद हो गया। अब तो बस फैमिली ग्रुप में मेसेज कर बधाई दे देते हैं सब। कोई कोई कॉल कर लेता है।
माँ! रिश्ते दोनों तरफ से निभाएं जाते हैं। ऐसा कहीं पढ़ा था मैने। एक तरफ़ से तो बस जिम्मेदारी निभाई जाती है। वही आप करते आ रहे हो।
विनय और अनु को उसकी बात दिल तो उतर गई थी। बच्चे जब बड़े होने लगते हैं तो कितना कुछ बदलता है साथ। वक़्त और पीढ़ी के साथ रिश्तों का स्वरूप भी बदलने लगता है।

संजय मृदुल

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0