मानवीय संवेदनाएं और बदलते रिश्ते

आज के बदलते दौर में पारिवारिक और सामाजिक रिश्तों में संवेदनाएँ कम होती जा रही हैं। आत्मनिर्भरता, परस्पर निर्भरता, पारिवारिक संस्कार और मानवीय मूल्यों के महत्व को समझते हुए जानिए रिश्तों को मजबूत बनाने और परिवार को जोड़कर रखने के उपाय।

Nov 24, 2026 - 13:56
 0  0
मानवीय संवेदनाएं और बदलते रिश्ते
family-relationships-interdependence-and-human-values

आज का पारिवारिक और सामाजिक ताना-बाना बिगड़ रहा है, बिखर रहा है। इसका कारण कोई अदृश्य शक्ति नहीं, बल्कि हमारे भीतर की संवेदनाओं की धारा का धीरे-धीरे सूख जाना है।
निर्भरता, आत्मनिर्भरता और परस्पर निर्भरता - ये मानवीय संबंधों के तीन रूप हैं, तीन पड़ाव हैं। इन्हीं तीन पड़ावों में हमारे रिश्तों का पूरा इतिहास छुपा है। ये तीनों संबंध संवेदनाओं के ही प्रतिरूप हैं।
जब आप अपने कार्यों के लिए, निर्देशों के लिए, निर्णयों के लिए किसी दूसरे पर निर्भर होते हैं, तो वह निर्भरता है। जैसे बच्चा आरंभ में, बचपन में अपने सभी क्रियाकलापों और आवश्यकताओं के लिए अभिभावकों पर पूर्णतया निर्भर होता है। यह निर्भरता उसकी कमजोरी नहीं, बल्कि प्रेम संबंध का पहला पाठ है। यहीं से वह सीखता है कि सहारा लेना विश्वास है, भरोसा है।
जैसे-जैसे वह बड़ा होता है, निर्भरता कम होती जाती है। दशकों पहले स्त्री का जीवन भी इसी निर्भरता का हिस्सा था, क्योंकि वह घर संभालने में व्यस्त होती थी। संबंधों को बाँधकर रखने में उसका मुख्य योगदान होता था। जीविका उपार्जन पुरुषों के जिम्मे था। वह घर के लिए कमाता था, इसलिए अहम फैसले भी मुख्यतः उसी के होते थे। फिर भी एक घर के इस प्रबंधन को दोनों मिलकर चलाते थे। एक-दूसरे पर निर्भर थे, परस्पर निर्भर थे, ताकि घर सुचारू रूप से चल सके।
जैसे शरीर में हृदय का काम खून पंप करना है और मस्तिष्क का काम सोचना है, दोनों के कार्य अलग हैं, पर दोनों एक-दूसरे के बिना अधूरे हैं, एक-दूसरे के पूरक हैं। वैसे ही पति-पत्नी का रिश्ता था। रथ के दो पहियों की तरह - एक पहिया निकल जाए, तो रथ चलेगा कैसे? पति-पत्नी एक परिवार के दिल और दिमाग हैं। सिर्फ दिल धड़के और दिमाग न चले, तो जीवन असंभव है। इसलिए दोनों का मिलकर चलना आवश्यक है।
परंतु समय बदला। स्त्रियों के लिए शिक्षा का महत्त्व बढ़ा, यह बहुत शुभ हुआ। वे भी कमाने लगीं, घर के निर्णयों में उनकी भागीदारी होने लगी। यह प्रगति थी। लेकिन जब यह प्रगति अत्यधिक हो गई, जब हमने परस्पर निर्भरता को दुर्बलता और पिछड़ापन समझ लिया, तब निर्भरता और परस्पर निर्भरता ने अचानक आत्मनिर्भरता का रूप ले लिया। और क्योंकि अत्यधिकता सदा घातक होती है, यही आत्मनिर्भरता नुकसान पहुँचाने लगी। संतुलन बिगड़ गया।
आत्मनिर्भरता के ठेकेदारों ने यह नहीं समझा कि मनुष्य एक पारिवारिक एवं सामाजिक प्राणी है, वह अकेला नहीं रह सकता। न पूर्ण निर्भर होकर, न पूर्ण आत्मनिर्भर होकर। जिंदगी अच्छी तरह व्यतीत करने के लिए कुछ सीमाओं में, कुछ मर्यादाओं में रहना पड़ता है।
राह या पथ पर खड़ा अकेला वृक्ष भी अकेला ही रह जाता है। वह कभी किसी आने-जाने वाले को पल भर छाया दे सकता है, लेकिन यदि वह किसी बाग या खेत का हिस्सा है, तो अच्छी तरह बढ़ता है, खिलता है, फलता है। अकेला वृक्ष कितना भी मजबूत हो, आँधी में सबसे पहले वही गिरता है, जबकि बाग के वृक्ष एक-दूसरे को थामे रहते हैं।
आज के बदलते रिश्तों में संवेदना की जगह सुविधा ने ले ली है।
पहले रिश्ते सुविधाओं पर नहीं, संवेदनाओं पर टिके थे। घर छोटे होते थे, साधन कम होते थे, पर मन बड़े होते थे। एक दाल में पूरा परिवार खा लेता था। आज हर घर में खाद्यान्न भरा है, साधन अपार हैं, घर बड़े हो गए हैं, पर मन सिकुड़ गए हैं। हर सदस्य अलग-अलग समय पर अलग-अलग खाना खाता है। पहले रिश्ते निभाए जाते थे, आज रिश्ते परखे जाते हैं - कितना लाभ, कितनी सुविधा। जरा-सा मनमुटाव हुआ, जरा-सी अपेक्षा पूरी नहीं हुई, तो रिश्ते बिगड़ने लगते हैं, दूरियाँ बढ़ जाती हैं।
सहनशीलता, क्षमा, कृतज्ञता, धैर्य जैसे शब्द अब केवल किताबों और भाषणों में रह गए हैं। हम बच्चों को गणित, विज्ञान, कोडिंग, अंग्रेजी सब सिखा रहे हैं, पर रिश्ता निभाना नहीं सिखा रहे। हम उन्हें सिखा रहे हैं कि हक कैसे माँगना है, पर यह नहीं सिखा रहे कि फर्ज कैसे निभाना है।


इसी का परिणाम है वे खबरें, जो हमें रोज विचलित करती हैं - अमुक स्थान पर विवाहिता की हत्या हो गई या उसने आत्महत्या कर ली। पूरा दोष हम तुरंत ससुराल वालों पर मढ़ देते हैं। पर क्या हमें निष्पक्ष होकर यह भी सोचना चाहिए कि क्या हम माँ-बाप, अभिभावक के रूप में कहीं दोषी तो नहीं? क्या हमारे लालन-पालन, हमारी शिक्षा में कमी तो नहीं रह गई?
हमने अपनी बेटियों को सिखाया - ठकिसी से दबना मत, सहना मत, तुरंत जवाब देना।ठ यह बहुत अच्छा सिखाया, समय की माँग भी थी। पर क्या इसके साथ यह भी सिखाया - ठकहाँ झुकना है, कहाँ सुनना है, कहाँ परिवार को जोड़कर रखना है, कहाँ चुप रह जाना ही बड़ी जीत है
यदि वे यह नहीं समझतीं, जानतीं और मानतीं, तो पारिवारिक मूल्यों का ह्रास हो जाता है, क्योंकि संवेदनाओं का स्थान स्वार्थ ने ले लिया है।
हमने अपने बेटों को सिखाया - ठकरियर बनाओ, धन कमाओ, सफलता की सीढ़ी चढ़ो। पर क्या यह सिखाया पत्नी का, स्त्री का सम्मान कैसे करना है, जिम्मेदारी कैसे उठानी है, माँ-बाप की सेवा कैसे करनी है, गुस्से पर काबू कैसे रखना है? ये सब भावनाएँ हमारे पुरखों में भी थीं। आधुनिकता यह नहीं कहती कि पुराना सब गलत है, भूल जाओ। यह सब माता-पिता को अपनी संतान को सिखाना चाहिए।
दुर्भाग्यवश, जब कुछ अप्रिय घट भी जाता है, तो हम मंथन नहीं करते। हम अपने बच्चों की कमियों को नजरअंदाज कर देते हैं। दुनिया से छुपाने की मंशा में हम गलत बातों के लिए भी उनका समर्थन कर देते हैं। हम यह नहीं समझते कि दुनिया के सामने अपने बच्चों की त्रुटियों को छुपाने के चक्कर में हम अपने परिवार और बच्चों का ही नुकसान कर रहे हैं। बच्चा समझता है कि मेरे माता-पिता हमेशा मुझे बचाएँगे, इसलिए मुझे सुधरने की जरूरत नहीं।
परिवार निर्भरता और आत्मनिर्भरता से नहीं, परस्पर निर्भरता से चलता है। परस्पर निर्भरता का अर्थ है - मैं तुम्हारा ख्याल रखूँ, तुम मेरा। मैं कमजोर पड़ूँ, तो तुम थाम लो; तुम थको, तो मैं सहारा बन जाऊँ। इसमें न कोई छोटा है, न बड़ा। यह सीमारेखा है, बंधन नहीं।
यदि आप इन बातों से सहमत नहीं हैं, तो बच्चों को विवाह-बंधन में बाँधने से पहले आप उन्हें परिवार के लिए राजी नहीं कर सकते और दुष्परिणाम अवश्य देखने को मिलेंगे।
आज की पीढ़ी स्वतंत्रता चाहती है, कमाना चाहती है, पर किसी जिम्मेदारी या प्रतिबद्धता से डरती है। अकेले रहकर खुश है, किसी पर निर्भर नहीं रहना चाहती, आत्मनिर्भर होना चाहती है। पर क्या इसका अर्थ यह समझा जाए कि वह अपने जन्म वाले परिवार से नाता न रखे, बड़ों का आदर न करे या फिर आगे गृहस्थ जीवन के बारे में कोई विचार न करे? दोनों ही रास्ते अमान्य हैं, अप्राकृतिक हैं।
लेकिन मान्यताएँ इतनी तेजी से बदल रही हैं कि इनका प्रभाव सामाजिक ताने-बाने और व्यवस्था पर प्रतिकूल पड़ रहा है तथा अवसाद एवं तनाव जैसी भयंकर बीमारियाँ बढ़ रही हैं। अप्राकृतिक, असमय मौतें हो रही हैं। लोग भीड़ में भी अकेले हैं। हजारों जानने वाले हैं, पर जरूरत के समय एक भी हाथ थामने के लिए नहीं है।
इसलिए इस समय जरूरत है यह सब समझने की और आज की पीढ़ी को समझाने की कि वह शिक्षित हो, आत्मनिर्भर हो, लेकिन स्वच्छंदता, स्वतंत्रता और स्वायत्त बनने के चक्कर में अपनी स्वतंत्रता का सदुपयोग करे। अपने साथ-साथ अपने परिवार के लिए भी करे। प्रकृति के नियमों से न उलझे।

इससे ही पढ़े:-  मोहभंग https://sahityanama.com/dhira-ka-maa-ka-kathor-faisla-aur-beton-betiyon-ka-bhavishya


समाधान क्या है?
१. शिक्षित बनो, पर संवेदनशील भी रहो। डिग्री के साथ-साथ दिल में दया, जुबान में मिठास और व्यवहार में धैर्य रखो।
२. आत्मनिर्भर बनो, पर अहंकारी नहीं। कमाओ, पर इतना मत कमाओ कि रिश्ते खरीदने पड़ें। आत्मसम्मान रखो, पर आत्ममुग्धता नहीं।
३. स्वतंत्रता और स्वच्छंदता में अंतर समझो। स्वतंत्रता कहती है - मैं अपना जीवन अपने मूल्यों पर जीऊँ। स्वच्छंदता कहती है - मुझे किसी मूल्य की परवाह नहीं। एक जीवन बनाती है, दूसरी जीवन बिगाड़ती है।
अंत में एक ही बात - पेड़ चाहे कितना भी ऊँचा हो जाए, उसकी जड़ें जमीन में ही रहती हैं। जड़ें कट गईं, तो पेड़ कितने दिन हरा रहेगा? हमारे परिवार, हमारे संस्कार, हमारी मानवीय संवेदनाएँ ही हमारी जड़ें हैं। उन्हें बचाए रखना ही सच्ची आत्मनिर्भरता है। 

उमा गर्ग

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0