कितनी बार मारोगे भाई?
यह विचारोत्तेजक राजनीतिक एवं सामाजिक व्यंग्य महात्मा गांधी की विचारधारा और रामराज्य की वास्तविक अवधारणा के माध्यम से सत्ता की राजनीति, सामाजिक भेदभाव और राजनीतिक पाखंड पर तीखा प्रहार करता है। लेख में गांधी और डॉ. भीमराव अंबेडकर के आदर्शों, शंबूक, शबरी और निषादराज के प्रसंगों के जरिए सामाजिक समानता, न्याय और मानवीय गरिमा का प्रश्न उठाया गया है। यह रचना सवाल करती है कि क्या गांधी और श्रीराम के नाम का इस्तेमाल केवल राजनीतिक स्वार्थ के लिए किया जा रहा है, जबकि उनके मूल आदर्शों की अनदेखी हो रही है?
उस दिन भी हम तुम्हारे जेहन में नहीं उतर सके थे। तुम लोगों को शायद लगा होगा कि यही बूढ़ा हम लोगों की राह का रोड़ा है, जो हम लोगों की नफ़रत की फसलों को लहलहाने नहीं दे रहा है। जब भी कुछ करने के लिए सोचते हैं, तो बीच में दीवार बनकर खड़ा हो जाता है। इसकी जो रामराज्य की सोच है, उस पर हम लोगों का एजेंडा फल-फूल नहीं सकता है। इसके रास्ते पर चलकर राजनीतिक रोटी सेंकने की तो बात ही अलग है, बिल्कुल कच्ची रह जाएगी। इसलिए हम तुम लोगों की आँखों में इतने चुभने लगे थे कि तुम लोगों ने मुझे मार ही डाला था।
हमारी हत्या के बाद निश्चित रूप से तुम लोगों का दिल ठंडा हो गया होगा। गोलियाँ मारी होंगी, खून से लथपथ हमारे शरीर को देखा होगा, तब यह महसूस किया होगा कि यह अब जिंदा नहीं हो सकता। तो निश्चित रूप से बाँछें खिल गई होंगी कि यह बूढ़ा अब कभी हम लोगों के रास्ते में बाधक नहीं बन सकता। मन में खुशियों की लहरें दौड़ने लगी होंगी। जश्न भी मनाए होंगे, मिठाइयाँ भी बाँटी होंगी। पर हमारे शरीर को मार देने के बाद भी तुम लोगों के मन में खौफ तो रहा ही होगा कि यह तो मर गया, पर इसकी विचारधारा तो आत्मा की तरह भटक ही रही होगी? इसलिए हमारी विचारधारा आगे भी भूत की तरह परेशान करती रहेगी, यह तो खौफ बना रहा होगा।
तुम लोगों को हमारे रामराज्य से भिन्न रामराज्य की स्थापना करनी थी, जिसमें राम का नाम हो, पर राज्य सिर्फ नाम का हो। दशकों तक तो खौफ ने सत्ता से सटने नहीं दिया, तो तुम लोगों ने भी रामराज्य-रामराज्य की रट लगाने लगे। भोली-भाली जनता तो एक ही रामराज्य को जानती थी। इसलिए लगा होगा कि शायद ये लोग रामराज्य लाने की बातें कर रहे हैं, तो निश्चित रूप से उसी रामराज्य की बातें कर रहे हैं, जिसकी कल्पना हमारे बूढ़े गांधीजी ने की थी। वे तो बेचारे रामराज्य रटते-रटते चले गए। शायद ये लोग रामराज्य का एहसास करा दें, क्योंकि ये लोग भी तो आखिर भगवान राम के ही अनुयायी हैं। आजादी के सत्तर साल के बाद ही सही, रामराज्य में रहने का सुनहरा मौका तो मिल जाएगा।
तुम लोगों के गोल-गोल दिखाए गए सपनों में लोग फँस गए होंगे या फिर तुम लोगों द्वारा दिखाए गए सब्जबाग में फँस गए होंगे। भोली-भाली जनता को क्या मालूम कि उस रामराज्य में तो श्रीराम ने एक ही शंबूक की हत्या की थी, तुम लोग चुन-चुनकर समाज के शंबूकों की हत्या करने लगोगे? भोली-भाली जनता को तो यह लगा होगा कि जब राम शूद्र शबरी के जूठे बेर खाए थे, जब ये लोग भी उन्हीं के परम भक्त हैं, तो जूठे बेर अगर नहीं खाएँगे, तो साथ बैठने तो देंगे। उन्हें क्या पता कि शबरी के जूठे बेर खाने वाले श्रीराम के भक्त न जाने कितनी शबरियों की इज्जत को तार-तार कर देंगे?
भोली-भाली बेचारी जनता तो यही समझी होगी कि श्रीराम ने निषादराज को अछूत होने के बावजूद भी अपने सीने से लगा लिया था। जब ये लोग उसी राम के परम भक्त हैं, तो निश्चित रूप से अछूतों को गले न लगाएँगे, पर साथ लेकर तो चलेंगे ही। शांति से जीवनयापन तो करने देंगे ही। इन्हें क्या पता कि ये लोग शंबूक से भी अधिक दुर्गति करेंगे। हम लोगों का जीना मुहाल कर देंगे। सिर्फ चुनाव भर ही हिंदू समझेंगे? बाद में हमें वही समझा जाएगा, जैसे पहले से समझा जाता रहा है।
यह सब कुछ इसलिए कर रहे हो कि हम नहीं हैं। हमारे अनुयायियों को भी तुम लोगों ने झाँसा देकर अपने पक्ष में कर लिया। शायद उन लोगों को भी लगा होगा कि गांधीजी के रास्ते पर चलकर क्या मिलेगा? जब सत्ता इनके हाथ में है, अगर इनके पक्ष में रहेंगे, तो किसी पद को भी सुशोभित करने का सुनहरा अवसर मिल सकता है। इस स्वार्थ में भी तुम लोगों का बल्ले-बल्ले हो गया।
पर हम दावे के साथ कह सकते हैं कि हमारी अनुपस्थिति में भी तुम लोग मुझसे डर रहे हो, खौफ खा रहे हो। अगर खौफ नहीं खाते, तो हमारे फोटो, हमारे निर्जीव स्मारक तुम लोगों को काटने नहीं दौड़ते। तुम लोगों को शायद यही लगता होगा कि कहीं बूढ़े के फोटो और स्मारक भी हमारी सत्ता के लिए खतरे न बन जाएँ और लोगों को अपने रामराज्य के लिए प्रेरित न कर दें। हम अब करेंगे ही क्या, पर तुम लोगों को खौफ तो है। तुम लोगों को खौफ है कि बूढ़ा मर गया, लेकिन उसकी आत्मा कहीं हम लोगों को दबोच न ले।
शायद यही कारण है कि आम जनता को गुमराह करने के लिए हमारे स्मारकों पर सिर तो झुकाते हो भाई। दिखावे के रूप में हमारे कुछ कसीदे भी काट लेते हो। यह नाटक भी करते हो कि गांधीजी की विचारधारा को आत्मसात किए बिना समाज का नवनिर्माण संभव नहीं है। पर सभी जानते हैं कि यह तुम लोगों की सिर्फ नौटंकी है। तुम लोगों को हम आज भी फूटी कौड़ी नहीं सुहाते हैं।
तुम लोग किसी को छोड़ने वाले नहीं हो। सत्ता में बने रहने के लिए किसी भी हद तक गिर सकते हो। तुम लोग चाहे जितने राम मंदिर बनवा दो, पर तुम लोग श्रीराम के भी नहीं हो। यह बात शायद राम भी समझने लगे होंगे कि इन लोगों से धूर्त भक्त हो ही नहीं सकते। ये लोग हमारा सिर्फ राजनीतिक इस्तेमाल कर रहे हैं। श्रद्धा तो मात्र दिखावा है।
तब तो, जब विदेशों में भ्रमण करते हो, तो यह नहीं कहते कि हम प्रभु श्रीराम के देश के हैं। वहाँ बुद्ध और हमारे ही नाम तुम्हारे होठों पर विराजमान रहते हैं, क्योंकि तुम लोग भी जानते हो कि इन दोनों के नाम लिए बिना विदेशों में सम्मान नहीं मिल सकता। अन्यथा हम लोगों की करनी तो दुनिया जान ही गई है।
हम तो तुम लोगों को न पहले पचते थे और न आज पच रहे हैं। छोटे भाई अंबेडकर से तो तुम लोग पहले भी नफ़रत करते थे और उनके न रहने के बाद भी उनसे नफ़रत करते हो, क्योंकि उनका नाम लेने में तुम लोगों की इज्जत में बट्टा लग जाएगा।
इससे ही पढ़े:- रेशमा https://sahityanama.com/reshma-prerna-kahani-shiksha-sangharsh-nari-samman
तुम लोग इतने भी नीचे गिर सकते हो, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी, भाई। क्योंकि तुम लोगों की फसलें तो नफ़रत के खेत में ही लहलहाती नजर आती हैं और उसी को देखकर तुम लोग प्रफुल्लित भी होते हो। तुम लोगों के अनुयायियों का क्या कहना! वे लोग तो तुम लोगों के भी बाप हैं।
शायद यही कारण है कि हमारे फोटो को तो बीच सड़क पर जलाते ही हो। हमारे और छोटे भाई अंबेडकर के फोटो और स्मारकों से भी तुम लोगों को घृणा आती है। इसीलिए तुम लोग मुझ पर तो गोलियाँ बरसाते ही थे, हमारे फोटो पर आज भी यदा-कदा गोलियाँ बरसाते रहते हो। यह खौफ का नतीजा ही है कि कभी हमारे स्मारकों पर, तो कभी हमारे छोटे भाई अंबेडकर के स्मारकों पर कालिख पोत देते हो, तो कभी चुपके-चोरी उन्हें क्षतिग्रस्त भी कर देते हो।
पर याद रखना, भाई! समय परिवर्तनशील है। सभी के लिए समय एक जैसा नहीं रहता। हमारे शरीर की हत्या तुम लोगों ने भले ही कर दी, पर यह समझ लेना कि शरीर के अलावा भी मनुष्य का कुछ रह जाता है। इसलिए यह समझ लेना कि जब वक्त बदलेगा, तो तुम लोगों के लिए कोई आँसू भी बहाने वाला नहीं रहेगा, भाई। मार रहे हो, जितना मारना है, मार लो, लेकिन इस बात को गाँठ बाँध लेना। वैसे हम जानते हैं कि वेश्याओं को सत्यवादी होने का पाठ पढ़ाना बेअसर ही होता है।
अलखदेव प्रसाद 'अचल'
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0