तड़प
यह कहानी देशभक्ति, सत्ता के प्रभाव और समाज में व्याप्त दोहरे चरित्र की कड़वी सच्चाई को उजागर करती है। जब सच बोलने वालों को अपनी जान गंवानी पड़ती है और झूठ के सामने पूरा समाज खामोश हो जाता है, तब एक नौजवान के सामने देशभक्ति और दुनियादारी के बीच संघर्ष खड़ा हो जाता है। भगत सिंह के आदर्शों, भ्रष्ट व्यवस्था और आम आदमी के मौन के माध्यम से यह कहानी सवाल उठाती है कि क्या आज देशभक्ति केवल नारों, जश्न और दिखावे तक सीमित रह गई है?
बीच चौराहे पर क्षत-विक्षत लावारिस कुछ लाशें पड़ी थीं। लगता था कि मारने से पहले इनको घोर यातनाएँ दी गई थीं। आसपास के एक-दो लोगों में बहुत गुपचुप चर्चाएँ हो रही थीं कि इनका ऐसा हश्र हुआ, क्योंकि इन्होंने पक्के सबूतों के साथ बड़े लोगों की असलियत को बेनकाब किया था। बात साधारण नहीं थी, अतः सार्वजनिक चर्चा करने की हिम्मत किसी की नहीं हो रही थी। बात का बतंगड़ बनाने वाले मीडिया का कहीं अता-पता नहीं था।
चौराहे पर एक तरफ से एक जुलूस भगत सिंह के शहीदी दिवस पर नारे लगाते हुए जा रहा था, तो दूसरी तरफ से लोग भारतीय क्रिकेट टीम की पाकिस्तान पर विजय के जश्न में पटाखे छोड़कर अपनी देशभक्ति प्रदर्शित करते आ रहे थे। जैसे ही लोगों की नजर लाशों पर पड़ी, भीड़ ऐसी गायब हो गई, जैसे कोई भूत देख लिया हो।
यह सब एक नौजवान देख रहा था। उसने बड़ी हिम्मत करके लाशों के बारे में जानने की कोशिश की। किसी ने बड़ी दबी जुबान से उसे सारे हालात के बारे में जानकारी दी। सारी बातें जानने के बाद वह देश की बदहाली का असली कारण समझ गया। फिर वह खौफ से सहमा-सहमा अपने घर की ओर चला गया।
घर पर उसके कुछ रिश्तेदार आए हुए थे-सभी उच्च पदासीन और साधन-संपन्न। ठहाकों के बीच वार्तालाप हो रहा था-कौन-कौन किस पद पर है, किसकी आमदनी कितनी है और किसने कहाँ-कहाँ प्लॉट खरीदे हैं?
उस नौजवान ने डर-डरकर लाशों के बारे में सारी कहानी लोगों को धीमे और दुखी स्वर में सुनाई। महफिल में एक क्षण के लिए सन्नाटा छा गया। दबे स्वर में सभी की तरफ से एक ही जवाब आया-ऐसा तो होना ही था। आजकल पाप-पुण्य, न्याय-अन्याय और देशभक्ति की परिभाषा भी यही सामर्थ्यशाली लोग ही तय करते हैं।
बहुत ऊँचे लोगों में पैठ रखने वाले ताऊ जी ने तो यहाँ तक कह दिया-भाई, देखो, विज्ञान का जमाना है और मैं विज्ञान का छात्र हूँ। इतना तो जानता ही हूँ कि भगवान और स्वर्ग-नरक-ये सारी पुरानी बातें हैं। सच कहूँ तो विज्ञान इन चीजों का अस्तित्व ही नहीं मानता। आजकल इन्हीं बड़े लोगों की कृपा से स्वर्ग और कोप से नरक मिलता है। देख लिया सबने सामर्थ्य से टकराने का परिणाम! बड़े देशभक्ति दिखाने आए थे, बड़े-बड़े भाषण दे रहे थे, बड़े-बड़े ठोस सबूत दिखला रहे थे, परिणाम क्या हुआ?
इससे ही पढ़े:- खिलौना रोबोट https://sahityanama.com/khilauna-robot-maa-ki-diary
पहले वह नौजवान बड़े लोगों के सामर्थ्य-दर्शन के सामने अपने को बहुत छोटा महसूस करता था, लेकिन आज असलियत जानने के बाद बड़े लोगों का वही सामर्थ्य-दर्शन उसे छोटा लग रहा था। लोगों के आदर्शों का हवाई किला ढह चुका था, जिससे छोटे-मोटे दोषों से ग्रसित उसका अंतर्मन मुक्त हो चुका था।
कुछ देर के बाद किसी ने टीवी ऑन कर दिया। टीवी पर आ रहे समाचार के साथ ही क्रिकेट और राजनीति पर चर्चा गर्म होने लगी। कोई किसी दल का समर्थन करके धन्य हो रहा था, तो कोई किसी दल का। नौजवान को इन गर्मागर्म चर्चाओं में मन नहीं लग रहा था, क्योंकि देश की बीमारी की असली दवा की चर्चा कहीं हो नहीं रही थी।
कुछ देर तक वह बेमन से बड़े लोगों की चर्चाओं में हाँ में हाँ मिलाता रहा, क्योंकि वह जान गया था-असहाय सच्चाई तड़प-तड़पकर हमेशा के लिए खामोश हो चुकी है और दुनिया के रंगमंच की गाड़ी इन्हीं बड़े लोगों की बनावटी और दिखावटी बातों से चलती रहेगी।
फिर दुखी मन से बिना खाए-पिए ही सोने चला गया। शयनकक्ष में शायद उसकी पत्नी उसी का इंतजार किसी खास वार्ता के लिए कर रही थी। उसकी सारी बातें सुनने के बाद उसकी पत्नी ने बड़े सख्त लहजे में उसे चेतावनी दी-देखो जी, ज्यादा देशभक्ति का बुखार मत चढ़ाओ। जिस तरह सभी जानकर भी अनजान हैं, उसी तरह हम सबके भले के लिए तुम भी अनजान बने रहना। दुनियादारी यही कहती है- समय के साथ चलो। जब पूरा सिस्टम ही ऐसा है, तो सिस्टम के साथ चलने में ही भलाई है।
वह सोचने लगा-दुनिया की नजरों में वे लोग, जिनकी दर्दनाक हत्या की गई थी, शायद दुनियादारी बिल्कुल ही नहीं जानते थे। जिसकी खातिरदारी कर लोग देशभक्ति के तमगे पाते हैं, वे उन्हीं के खिलाफ अपनी देशभक्ति दिखाने लगे थे।
कुछ देर की चुप्पी के बाद उसकी पत्नी ने कहना शुरू किया-देखो जी, मेरे दोनों जीजा जी ने दो जगह प्लॉट लिया है और एक तो अपने बच्चे को पढ़ने विदेश भी भेज दिया। उनका कितना नाम हो रहा है! आप ही सबसे पीछे रह गए हैं। मुझे तो अब मायके जाने में भी शर्म आती है।
साथ वाले टीवी वाले कमरे से भारतीय खिलाड़ियों के चौके-छक्के पर जोरदार तालियों की आवाज आ रही थी। तभी उसके कमरे में उसका छोटा भाई आ गया और कहने लगा-भाई जी, मुझे शहीद भगत सिंह पर एक अच्छा-सा निबंध लिखवा दो, क्योंकि कल विद्यालय में एक प्रतियोगिता है, जिसमें प्रथम आने पर एक आकर्षक पुरस्कार मंत्री जी द्वारा दिया जाएगा।
सारी बातें अनसुनी करके वह नौजवान निढाल होकर बिछावन पर लेट गया और अधखुली आँखों से भगत सिंह की तस्वीर की ओर देखने लगा। उसे ऐसा महसूस हो रहा था, ङ्खमानो निर्जीव तस्वीर भी तड़प रही हो। उसे समझ नहीं आ रहा था कि निर्जीव तस्वीर की तड़प को कैसे शब्दों में उतारे?
अगले दिन खबर उड़ी-शहर में कुछ लोगों की दंगे में मौत हो गई है, जिसमें विदेशियों के हाथ होने का अंदेशा बताया जा रहा है। स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और दंगाइयों की तलाश जारी है।
सारे मीडिया में यही खबर सुर्खियों में छायी रही और बहस होती रही। सबकी याददाश्त मानो उस खास घटना के लिए चली गई थी। अब तो कोई लाख पूछने पर भी असली बात बताने के लिए तैयार न था। सब यही बताते थे-शहर में फैले दंगे में कुछ लोगों की मौत हो गई है।
लेकिन दुर्भाग्य से वह नौजवान औरों की तरह अपनी याददाश्त न गँवा सका। पेट और जमीर की लड़ाई के तनाव में बेचारा बीमार रहने लगा। जब लोग अनजान बनकर उससे दुनियादारी की बातें करते, तो वह भी अनजान बनकर अपने दिल की तड़प को मुस्कुराहटों में बदलकर दुनियादारी निभाने की कोशिश करता हुआ हाँ में हाँ मिलाता रहता था।
दुनिया की गाड़ी हँसी और ठहाकों के बीच लोकलुभावन वायदों के साथ देशभक्ति के नारों के पीछे-पीछे दौड़ रही थी, परन्तु देश की मिट्टी, सीने में अपने कुछ ‘खास’ के दिल की तड़प को दफनाए, खुद तड़प रही थी, जिसका नाम लेने वाला दूर-दूर तक कोई न था।
प्रवीण कुमार
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0