गिरिधर की विरहिणी साधिका : मीरा

यह साहित्यिक लेख संत कवयित्री मीराबाई की अनन्य कृष्ण भक्ति, प्रेम, विरह और पूर्ण समर्पण की भावभूमि का विश्लेषण करता है। मीरा ने सामाजिक बंधनों, पारिवारिक विरोध और प्रताड़ना के बावजूद अपने आराध्य गिरधर गोपाल के प्रति प्रेम को कभी कम नहीं होने दिया। उनके पदों में विरह की व्याकुलता, दर्शन की अभिलाषा, आत्मिक मिलन और निष्काम भक्ति के भाव सजीव रूप में प्रकट होते हैं। श्रीमद्भगवद्गीता और नारद भक्ति सूत्र के संदर्भों के माध्यम से लेख प्रेम और भक्ति के आध्यात्मिक संबंध को स्पष्ट करता है। रचना का मूल संदेश है कि सच्चा प्रेम स्वार्थ, अहंकार और शारीरिक आकर्षण से परे होता है; वह निस्वार्थ अनुराग, आस्था और आत्मसमर्पण का दिव्य स्वरूप है। मीराबाई का जीवन और काव्य आज भी कृष्ण भक्तों तथा हिंदी साहित्य के पाठकों को प्रेरित करता है।

Oct 9, 2026 - 15:53
 0  0
गिरिधर की विरहिणी साधिका : मीरा
mirabai-krishna-bhakti-prem-virah-aur-samarpan-hindi-sahitya

हिंदी साहित्य जगत के अंतर्गत पूर्व मध्यकाल, जो भक्तिकाल अथवा स्वर्ण युग के नाम से विख्यात है, और ङ्खआचार्य रामचंद्र शुक्ल जी ने इस युग को निर्गुण तथा सगुण भक्ति शाखा में विभाजित किया।ङ्ग सगुण भक्ति, जिसमें अनेक सुप्रसिद्ध भक्त कवियों जैसे तुलसीदास, सूरदास, अष्टछाप कवियों आदि ने अपनी रचनाओं द्वारा साहित्य जगत को एक अनूठी धरोहर प्रदान की है। इसी समय काल में कृष्ण भक्ति में लीन एक संत कवयित्री मीराबाई, जिन्हें कलियुग की राधा के नाम से संबोधित किया जाता है, उन्होंने हिंदी साहित्य जगत को कृष्ण पदों एवं भजनों द्वारा ओत-प्रोत किया। सूर्य सी कांति के स्वरूप वाली कन्या मीरा का जन्म मरु भूमि में हुआ। यदि कोई सुंदर पुष्प किसी बंजर भूमि में खिल जाए, तो उसकी सुगंध दूर तक फैलती है, ऐसा ही मीरा रूपी पुष्प के खिलने से हुआ। उनकी कृष्ण भक्ति की सुगंध भी दूर तक फैल गई। परंतु जिस प्रकार पुष्प के साथ काँटे होते हैं और अधिक नाम होने पर बदनामी, वैसा ही कलंक बाई सा पर भी लगा - कुलनाशी, जिसे कुल की मर्यादा का संज्ञान न हो, जो उनके इस पद द्वारा समझा जा सकता है –

ङ्खपग घूँघरू बाँध मीरा नाची रे।
मैं तो मेरे नारायण की आपही हो गई दासी रे। (१)
लोग कहे मीरा भाई बावरी, न्यात कहै कुलनासी रे। (२)
विष का प्याला राणाजी भेज्या, पीवत मीरा हाँसी रे। (३)
मीरा के प्रभु गिरधर नगर, सहज मिले अविनासी रे। (४)

पुरुषवादी समाज होने के पश्चात् भी मीरा बाई का अपने गिरधर के प्रति समर्पण तथा प्रेम किसी भी प्रकार कम नहीं हुआ, वरन् वे तो हर स्थिति में कृष्ण प्रेम से आह्लादित रहती थीं। यदि प्रेम में विरह न हो, तो उस प्रेम का आनंद थोड़ा मंद पड़ जाता है, क्योंकि किसी व्यक्ति का, और खासतौर पर प्रेमी का, स्वयं से दूर जाने से ही उसकी अहमियत का एहसास होता है। प्रेम विरहिणी मीरा सदैव अपने गिरिधर की बाट देखती रहतीं कि किसी प्रकार उनका दीदार हो जाए। कृष्ण प्रेम में व्याकुल मीरा जन्म-जन्मान्तरों से इसी प्रतीक्षा में विरहाग्नि में तपती रहीं। जब प्रेम अपनी उत्कृष्ट सीमा पर हो और ऐसी स्थिति में प्रियतम निकट न हो, उस तड़प का एहसास केवल एक वास्तविक प्रेमी ही समझ सकता है। मीरा भी उसी प्रेम विरह में हर क्षण गिरधर को याद कर कभी नृत्य करने लगतीं, कभी गाने लगतीं और कभी तो उनके सुकोमल नैनों से स्वतः ही अश्रु प्रवाहित होने लगते। मीरा का प्रेम सांसारिक दृष्टि रखने वालों की बौद्धिक क्षमता से परे है, क्योंकि उनका प्रेम तो अलौकिक है, जिसके लिए दिव्य ज्ञान चक्षु खोलने की आवश्यकता होती है और वह हर किसी के बस से बाहर है। जिस प्रकार एक लेखक को उसकी कलम से, पुष्प को उसकी सुगंध से, वृक्ष को उसकी जड़ से तथा समुद्र को जल से अलग करना अत्यंत कठिन है और प्राणहीन करने समान है, उसी प्रकार मीरा को गिरधर की प्रेमाभक्ति से अलग करने वाले स्वयं ही अंत में कहीं के न रहे। मीरा की भक्ति सर्व समर्पित भक्ति थी, जो वास्तविकता में हर मनुष्य को अपने आराध्य के प्रति होनी चाहिए। इस देह का अंतिम गंतव्य क्या है? पंचतत्वों में विलीन हो जाना। उसी प्रकार एक प्रेमी का गंतव्य है, प्रियतम से मिलन और ठीक उसी प्रकार मीरा का गंतव्य भी यही था-आत्मा का परमात्मा से मिलन अर्थात् अपने गिरधर की हो जाना। इसीलिए मीराबाई अपने विवाह के समय कहती हैं –

ठराणे वर रा काईं परणीजूँ, जनम जनम मर जाय।
वर परणीजूँ साँवरो, म्हारो अमर चूड़ो हो जाय।ठ

प्रस्तुत पद द्वारा मीरा अपनी माता तथा परिवारजनों को बताना चाह रही है कि वास्तविक विवाह कभी भी देह से देह का नहीं होता, क्योंकि देह तो मात्र एक बाहरी आवरण है, जो आज नहीं तो कल समाप्त हो जायेगा। वास्तविक विवाह तो आत्मा और परमात्मा का होता है, क्योंकि अंततः आत्मा को ही परम आत्मा में विलीन होना है। कम शब्दों में ही बाई सा ने गूढ़ रहस्य सबके समक्ष रखा, परंतु इस रहस्य को कोई भी समझ न पाया और मीरा का दैहिक विवाह राणा भोजराज से करवा दिया। एक ओर विरह की पीड़ा और दूसरी तरफ समाज द्वारा प्रताड़ित किया जाना, दिन-रात तंज सहना, ऐसी स्थिति में एक विरहिणी का जीवन किसी जलती आग में कूद जाने के समान होता है, परंतु कृष्ण प्रेमाभक्ति की शक्ति द्वारा मीराबाई यह सब कुछ सहन करती रही। क्योंकि कहते हैं न, जो सच्चा प्रेमी होता है, वह अपने प्रेम को पाने के लिए प्रेम रूपी वेदी में स्वयं की आहुति तक दे देता है और उफ़ तक नहीं करता।

भक्ति और प्रेम ये दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं –

ङ्खमोहन प्रेम बिना! मिलता नहीं, चाहे कर ले कोटि उपाय।
मिले न यमुना सरस्वती में, मिले न गंगा नहाय॥
प्रेम सरोवर में जब डूबे, प्रभु की झलक लखाय। मोहन...
मिले न पर्वत में, मिले न निर्जन में, मिले न वन भरमाय।
प्रेम बाग घूमे तो हरि को घट में ले पधराय॥ मोहन...
मिले न पंडित को, ज्ञानी को, मिले न ध्यान लगाय।
ढाई अक्षर प्रेम पढ़े जो नटवर नैन समाय॥ मोहन...
मिले न मंदिर में, मूर्ति में, मिले न अलख जगाय।
प्रेम 'बिन्दु' दृग से टपके तो तुरत प्रकट हो जाय॥ मोहन...

इस्ससे भी पढ़े :- दंड से कर्ज में दब जाते हैं, पैतृक संपत्ति और आभूषण - जीत युवाओं को गलती सुधारने के अवसर उपलब्ध हो https://sahityanama.com/dand-prakriya-karz-samajik-asamata-yuva-sudhar

प्रेम तथा भक्ति इन दोनों का एक-दूसरे का पूरक होना, इस बात का प्रमाण श्रीमद्भगवद्गीता में भी है –

ङ्खभक्त्या त्वनन्यया शक्य अहमेवंविधोऽर्जुन।
ज्ञातुं द्रष्टुं च तत्त्वेन प्रवेष्टुं च परन्तप॥

भक्ति ही वास्तविक परम प्रेम का स्वरूप है, इस बात का प्रमाण नारद भक्ति सूत्र में भी है –

ङ्खअथातो भक्तिं व्याख्यास्यामः ॥ १ ॥
सा त्वस्मिन् परमप्रेमरूपा ॥ २ ॥
अमृतस्वरूपा च ॥ ३ ॥
यल्लब्ध्वा पुमान् सिद्धो भवति, 
अमृतो भवति, तृप्तो भवति ॥ ४ ॥

प्रेम का वास्तविक अर्थ शारीरिक वासना, उपभोग, लालसा, आकर्षण अथवा क्षणिक सुख नहीं होता। प्रेम तो निस्वार्थ भक्ति, पूर्ण समर्पण, निष्काम भाव, अपने आराध्य के प्रति अनुराग तथा बिना किसी अपेक्षित फल के एक अलौकिक, दिव्य और स्थिर चेतना का भाव है। जो वास्तविक प्रेमानुरागी होता है, वह तो ईर्ष्या, द्वेष, अहंकार, मोह, माया आदि सभी से कोसों दूर होता है, जिसका सटीक उदाहरण हमारी बाई सा हैं। मीरा बाई को किसी भी प्रकार, किसी भी बात का लेश मात्र भी प्रभाव नहीं पड़ता था, क्योंकि उनके गिरिधर की भक्ति ही उन्हें हर परिस्थिति से बाहर निकालती थी। ईश्वर के प्रति ऐसा समर्पण भाव, वो भी इस कलियुग में, देखना अत्यंत कठिन है।

मीरा बाई के पदों में विरह भाव पूर्ण रूप से दिखाई देता है। विरह भाव में व्यक्ति के हृदय में अनेकों उत्कंठाओं का जन्म होता है, जैसे प्रेमालाप, विरहालाप, व्याकुलता, विनय, उमंग, निवेदन, समर्पण, शून्यता, शरणागति, प्रतीक्षा, दर्शनाभिलाषा, दीनता, करुणा, व्यंग्य, विद्रोह, उपालंभ आदि। यह सभी गिरिधर विरहिणी मीरा के पदों में पूर्ण रूप से दिखाई देता है। विरहाग्नि में तपना भी एक प्रकार की साधना ही है, जिसकी साधना मीरा दिन-रात अपने गिरधर गोपाल के लिए किया करती थी।

निष्कर्ष: ऐसी साधिका मीरा बाई सा को जन्म-जन्मान्तर तक याद किया जायेगा, क्योंकि ऐसे संतों की वाणी संसार में अमर हो जाती है और भजनानंदियों, संतों, लेखकों, कथाओं आदि द्वारा कहीं न कहीं से कानों में पड़ ही जाती हैं। ऐसी संत कवयित्री, गिरधर की साधिका को कोटिशः नमन।

नितिशा कौशल

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0