स्त्री: एक उलझी हुई सामाजिक समस्या

स्त्री का जीवन केवल परिवार और जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं है। माँ, पत्नी, बेटी और बहू की भूमिकाएँ निभाते हुए वह अपनी इच्छाओं, सपनों और पहचान को अक्सर पीछे छोड़ देती है। जानिए स्त्री के मौन संघर्ष, अनकही भावनाओं और आत्मसम्मान की अनसुनी कहानी।

Nov 24, 2026 - 16:05
 0  0
स्त्री: एक उलझी हुई सामाजिक समस्या
womens-silent-struggle-identity-and-unspoken-emotions

पुरुष सचमुच बहुत सुलझे हुए दिखाई देते हैं या शायद उन्हें सुलझा हुआ दिखाई देने की सुविधा मिली है। उनके निर्णयों को निर्णय कहा गया, स्त्री के निर्णयों को जिद। उनकी थकान को विश्राम मिला, स्त्री की थकान को कर्तव्य। उनकी महत्वाकांक्षा को स्वप्न कहा गया, स्त्री की महत्वाकांक्षा को - ङ्खघर से बाहर निकलने की बेचैनी।
फिर भी प्रश्न वही - स्त्री इतनी उलझी हुई क्यों है? क्या सच में? या वह उस जीवन का हिसाब रख रही है, जिसमें उसे हर भूमिका निभानी है, पर स्वयं होने की भूमिका किसी ने लिखी ही नहीं?
एक स्त्री के भीतर अक्सर दो स्त्रियाँ रहती हैं। एक वह जिसे संसार देखता है - हँसती हुई, सँवारती हुई, समझाती हुई, सबको जोड़ती हुई। और दूसरी वह, जो रात के अंतिम पहर सबके सो जाने के बाद अपने ही भीतर बैठकर पूछती है - ङ्खआज मैंने अपने लिए क्या जिया?
उत्तर अक्सर मौन होता है।
वह माँ है, इसलिए अपने आँसू रोक लेती है। वह पत्नी है, इसलिए अपनी नाराज़गी निगल लेती है। वह बेटी है, इसलिए माता-पिता को चिंता नहीं देना चाहती। वह बहू है, इसलिए अपनी असहमति को असभ्यता बनने से पहले ही दबा देती है। वह सफल है, फिर भी सफलता का उत्सव मनाते हुए सोचती है - कहीं मेरी खुशी किसी को चुभ तो नहीं रही?
यहीं से उसका सबसे गहरा संघर्ष जन्म लेता है। बाहर कोई युद्ध नहीं। कोई शोर नहीं। कोई हथियार नहीं। केवल एक स्त्री अपने भीतर की आवाज़ को बार-बार समझाती है - अभी चुप रहो। और यह ङ्खअभी कभी समाप्त नहीं होता।
वह अपनी इच्छाओं को मारती नहीं, बस स्थगित करती रहती है। अपने सपनों को छोड़ती नहीं, बस अगली सुबह के लिए रख देती है। अपने प्रश्न भूलती नहीं, बस पूछने का अवसर टाल देती है। और वर्षों बाद, जब उसके भीतर प्रश्नों का ढेर लग जाता है, तो संसार कहता है - यह स्त्री बहुत जटिल है। 

इससे ही पढ़े:- अंतराल https://sahityanama.com/jeevan-ka-naya-suryoday-bhumi-ki-kahani


नहीं। वह जटिल नहीं हुई। उसके भीतर बहुत कुछ बिना कहे जमा होता गया। उसकी चुप्पी को सहमति समझा गया, उसके त्याग को स्वभाव, उसकी सहनशीलता को शक्ति और उसकी शक्ति को उसकी अनिवार्यता।
किसी ने यह नहीं पूछा - जो स्त्री सबको सँभालती है, उसे कौन सँभालता है? जो सबका मन पढ़ लेती है, उसका मन कौन पढ़ता है? जो हर टूटे हुए व्यक्ति को सांत्वना देती है, उसकी टूटन का साक्षी कौन है?
और सबसे बड़ा प्रश्न - जो स्त्री जीवन भर दूसरों के लिए जगह बनाती रही, क्या उसके अपने जीवन में उसके लिए कभी कोई जगह थी?
शायद स्त्री कोई उलझी हुई सामाजिक समस्या नहीं। शायद वह उन अनगिनत अपेक्षाओं की जीती-जागती परछाईं है, जिन्हें हमने पीढ़ी-दर-पीढ़ी उसके कंधों पर रख दिया। और फिर उसकी झुकी हुई देह देखकर कह दिया - देखो, स्त्री कितनी सहनशील है।
नहीं। कभी-कभी वह सहनशील नहीं होती - बस उसके पास विद्रोह करने की भी फुर्सत नहीं होती।
वह सुबह फिर उठती है। चाय बनाती है। बच्चों को जगाती है। घर सँवारती है। दफ़्तर जाती है। दूसरों के सपनों को सहारा देती है। और रात को आईने के सामने खड़ी होकर कुछ क्षण स्वयं को देखती है।
आईना पूछता है - तुम कौन हो?
वह उत्तर देना चाहती है, लेकिन तभी भीतर से वही पुराना स्वर आता है - चुप रहोष्ठ कल बहुत काम है।
और शायद यही स्त्री का सबसे बड़ा मौन संघर्ष है - वह पूरी उम्र सबको यह बताती रही कि वह ठीक है, और एक दिन मरने से पहले उसे स्वयं से पूछना पड़ा - क्या मैं कभी सचमुच जी भी थी?

साधना शर्मा ‘सत्यकृपा’

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0