श्री वृंदावन की यात्रा
अप्रैल 2026 में जमशेदपुर से वृंदावन की एक यादगार यात्रा, जिसमें श्री बांके बिहारी मंदिर, राधा स्नेह बिहारी मंदिर, शाहजी मंदिर, निधिवन और प्रेम मंदिर के दिव्य दर्शन का अनुभव शामिल है। जानिए वृंदावन की धार्मिक मान्यताओं, ऐतिहासिक धरोहर, मंदिरों की भव्यता और यात्रा से मिलने वाली जीवन की अनमोल सीख के बारे में।
जीवन में यात्रा का महत्व केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुँचना नहीं है। यात्रा मनुष्य को बाहर की दुनिया के साथ-साथ अपने भीतर की दुनिया को समझने का भी अवसर प्रदान करती है।
मुझे घूमने का बहुत शौक है, लेकिन कभी-कभी वह अवसर नहीं मिल पाता है। मैं कई साहित्यिक समूहों से जुड़ी हुई हूँ, इसलिए जब साहित्यिक कार्यक्रम होते हैं तो इसी बहाने साहित्यिक कार्यक्रम में सम्मिलित होने का और नई जगहों को देखने का अवसर मिल जाता है। इसी क्रम में इसी साल २०२६ अप्रैल महीने में मुझे श्री वृंदावन धाम की यात्रा करने का अवसर मिला। वहाँ पर सोशल एंड मोटिवेशनल ट्रस्ट ग्रुप साहित्यिक संस्था का वार्षिकोत्सव मनाया जाना था और मुझे भी उस कार्यक्रम में शामिल होना था। इसलिए ३ अप्रैल २०२६ को जमशेदपुर से हम तीन सहेलियाँ निकल पड़े और ५ अप्रैल को वहाँ सोशल एंड मोटिवेशनल ट्रस्ट ग्रुप मंच के शानदार वार्षिकोत्सव में शामिल होने का अनुभव प्राप्त हुआ। वह कार्यक्रम भव्य और शानदार तो था ही, हमें अपनी प्रस्तुति देने का भी मौका मिला था।
दूसरे दिन अर्थात ६ अप्रैल को हम वृंदावन घूमने निकल पड़े।
हमारा पहला पड़ाव था श्री बांके बिहारी मंदिर। हमारी गाड़ी बहुत पीछे रोक दी गई। गाड़ी को पार्किंग में पार्क करके हम आगे बढ़े और बहुत दूर तक पैदल चलकर मंदिर तक जाना पड़ा रास्ते में भीड़ का रेला था। उसी में हम भी शामिल हो गये। वहां बंदरों का उत्पात देखते ही बनता था। लोगों के हाथों से सामान, उनका चश्मा, मोबाइल लेकर भागते हुए हमने देखा। भीड़ को चीरते हुए हम आगे बढ़ते गए और हम मंदिर तक पहुंचे और प्यारे-प्यारे से श्री बांके बिहारी जी का दर्शन किया।
वृंदावन का श्री बांके बिहारी मंदिर ब्रज का सबसे प्रसिद्ध और सबसे ज्यादा भीड़ वाला मंदिर है। मान्यता है कि भगवान कृष्ण के परम भक्त स्वामी हरिदास जी निधिवन में बैठकर अपने संगीत से कृष्ण को रिझाते थे। एक दिन उनके शिष्यों के आग्रह पर उन्होंने भजन गाया तो राधा-कृष्ण की युगल जोड़ी प्रकट हो गई। स्वामी जी ने कहा - मैं संत हूँ, तुम्हें कैसे संभालूँ? तब राधा-कृष्ण एकाकार होकर एक ही विग्रह में समा गए। उसी विग्रह को स्वामी जी ने बांके बिहारी नाम दिया - बांके मतलब टेढ़ा, बिहारी मतलब विहार करने वाला। कहते हैं कि यह विग्रह पहले निधिवन में ही था, बाद में १८६४ में वर्तमान मंदिर में स्थापित किया गया। इसकी वास्तुकला में राजस्थानी और मुगल शैली का संगम दिखाई देता है। सबसे अनोखी बात,,,उनके झाँकी दर्शन में है। यहाँ बिहारी जी की मंगला आरती नहीं होती। गोस्वामी कहते हैं कि ठाकुर जी रात भर रास करके थक कर सुबह सोते हैं, इसलिए उन्हें जगाना उचित नहीं और दर्शन लगातार नहीं होते। मंदिर के गर्भगृह में पर्दा लगा रहता है जो हर १-२ मिनट में खोला-बंद किया जाता है। इसके लिए एक कथा प्रचलित है कि एक भक्त बिहारी जी को एकटक देखता रहा तो बिहारी जी रीझ कर उसके साथ उसके गाँव चले गए। तब से ये नियम बन गया कि नजर ना लगे, इसलिए झलक भर ही दर्शन ही होते हैं। मंदिर के परिसर में पहुंचकर राधे-राधे का ही नाद चारों तरफ सुनाई देता है।
बांके बिहारी मंदिर में बांके बिहारी जी के दर्शन करने के बाद उसी गली के बहुत पास ही ठश्री राधा स्नेह बिहारी जी मंदिरठ है। अंदर श्री राधा कृष्ण के दर्शन होते हैं।
एक और मंदिर है,
ठराधा मदन मोहन जी मंदिरठ उसका भी हमने दर्शन किया और साथ में ही पास में ही है ,ठश्री राधा रास बिहारी अष्ट सखी मंदिरठ जो मुख्य मंदिर के ही पास है। मुख्य हाल में दर्शकों की बहुत भीड़ थी। लोग भजन की धुन पर नृत्य कर रहे थे। हम तीनों सखियों ने भी उस भीड़ में घुसकर खूब नृत्य किया। उसका आनंद ही कुछ और था बहुत सुंदर अनुभूति हुई। वृंदावन में शाहदेव मंदिर नाम से प्रसिद्ध एक और मंदिर है। इसे लोग टेढ़े खंभे वाला मंदिर भी कहते हैं, और ये बांके बिहारी मंदिर से सिर्फ १.५ व्स् दूर है।
तब तक धूप बहुत तीखी हो चुकी थी मंदिर घूमने में पर जल रहा था एक तो संगमरमर का फर्श उसे पर चलना पर को जला रहा था इसलिए थोड़ा सा घूम कर हम सभी एक जगह छाँव में आकर बैठ गए। मैं इतिहास की विद्यार्थी और शिक्षिका रही हूँ, इसलिए इन सब का इतिहास जानने की मुझे बहुत जिज्ञासा रहती है। पता चला कि इसका निर्माण १८६८ में लखनऊ के दो प्रसिद्ध जौहरी और कृष्ण भक्त भाईयों - शाह कुंदन लाल और शाह फुंदन लाल ने करवाया था। बनने में ८ साल लगे। कहते हैं कि दोनों भाई वृंदावन आकर बस गए थे और छोटे राधा रमण जी की भक्ति करते थे।
इसकी वास्तुकला बहुत खूबसूरत है। सफेद संगमरमर, राजस्थानी, इटालियन, बेल्जियम कला का मिश्रण है। सबसे अनोखे हैं इसके १५ फीट ऊंचे १२ टेढ़े-मेढ़े सर्पाकार खंभे, जो एक ही पत्थर से बने हैं। इसलिए नाम टेढ़ा खंभा मंदिर पड़ गया है।
इसमें एक बसंती कमरा है जो साल में दो बार खुलता है, एक बार बसंत ऋतु में और दूसरी बार सावन में, जैसा कि कहा गया। ये मंदिर का सबसे बड़ा रहस्य है। ये कमरा बेल्जियम के कांच, विशाल झाड़-फानूस और सोने-चांदी के सिंहासन से सजा है।
कहते हैं कि बसंत पंचमी के आसपास वहाँ जाने से शाहजी मंदिर की छटा बिल्कुल अलग ही होती है।
इसके बाद हम सभी निधिवन देखने के लिए निकल पड़े, क्योंकि निधिवन के बारे में हम लोगों ने बहुत सुन रखा था। उसकी रहस्यमय कहानियों के बारे में भी सुना था। उसे अपनी आंखों से देखने का लोभ संवरण नहीं कर पा रहे थे हम, इसलिए हम लोग निधिवन की ओर निकल पड़े। वहाँ पहुंचने पर अपार भीड़ देखकर मन घबरा गया। फिर भी इस भीड़ में शामिल होकर एक लंबे पैसेज को पार कर,,, जो दोनों तरफ से लोहे की जालियों से और ऊपर हरे रंग के सीट से ढंका था,,,, हम आगे की ओर बढ़ते गए। बढ़ क्या रहे थे,,, बल्कि हम सभी एक दूसरे को धक्का दे रहे थे और स्वत: ही आगे बढ़ते जा रहे थे। निधिवन में भी बांके बिहारी जी का मंदिर है। हमने वहां दर्शन किया और फिर पास में बने हुए कुर्सी पर बैठ गए। हम बहुत थक गए थे, इसलिए आराम करना भी जरूरी था। मैं आपको निधिवन के बारे में बताना चाहती हूँ।
निधिवन वृंदावन का सबसे रहस्यमय स्थान है। ये बांके बिहारी मंदिर से ५ मिनट की दूरी पर है और करीब २.५ एकड़ में फैला तुलसी का एक घना वन है।
पुराणों में इसे 'मधुवन' कहा गया है। यही वो जगह है जहाँ स्वामी हरिदास जी को बांके बिहारी जी की मूर्ति 'विशाखा कुंड' में मिली थी, और यहीं स्वामी जी की समाधि भी है। यहाँ देखने लायक कुछ चीजें हैं, पहला 'रंग महल'। निधिवन के अंदर एक छोटा सा महल है, जिस 'रंग महल' कहा जाता है।
दूसरा 'बांके बिहारी प्राकट्य स्थल' है।
तीसरा स्थल है 'ललिता कुंड'। कहते हैं कृष्ण ने ललिता सखी की प्यास बुझाने के लिए बांसुरी से ये कुंड बनाया था।
रात में निधिवन पूरी तरह से बंद हो जाता है और यही बात 'निधिवन' को दुनिया भर में प्रसिद्ध बनाती है। मान्यता है कि हर रात आज भी यहाँ राधा-कृष्ण और गोपियाँ रास रचाते हैं। यहाँ के तुलसी के पौधे जोड़े में हैं और इनकी डालियाँ नीचे की ओर झुकी हुई हैं। मान्यता है कि रात में ये सभी गोपियाँ बन जाती हैं।
शाम की आरती के बाद ७ बजे निधिवन के पट बंद कर दिए जाते हैं और अंदर कोई नहीं रहता। यहाँ तक कि पक्षी, बंदर भी वन छोड़ देते हैं।
आस-पास के घरों की खिड़कियाँ भी निधिवन की तरफ नहीं खुलतीं।
रंग महल में हर शाम चंदन का पलंग लगाया जाता है, एक लोटा पानी, पान, दातुन और श्रृंगार का सामान रखा जाता है। सुबह पट खुलने पर बिस्तर अस्त-व्यस्त, पानी खाली और पान खाया हुआ मिलता है।
कहते हैं जिसने छुपकर रास देखने की कोशिश की, वो अंधा, गूंगा या मानसिक संतुलन खो बैठा।
कुछ लोग इसे आस्था मानते हैं, कुछ चमत्कार, पर स्थानीय लोग इस नियम का बहुत सख्ती से पालन करते हैं।
निधिवन के बारे में इस तरह की कथा हमें चमत्कृत करने के लिए काफी थी। निधिवन देखकर मन बहुत आनंदित था। उसके बाद हम लोग इतने थक गए थे कि हमने होटल लौटने का निर्णय लिया और रास्ते में खाना खाते हुए होटल आ गये और आराम करने लगे। हमने यह प्लानिंग की कि शाम को हम प्रेम मंदिर देखने जाएंगे। क्योंकि रात में प्रेम मंदिर लाइटिंग में बहुत खूबसूरत दिखाई देता है।
शाम ५:०० के करीब हम लोग तैयार होकर अपने होटल प्रेम रतन रेजिडेंसी से निकले और कार में सवार होकर प्रेम मंदिर की ओर बढ़ गए। प्रेम मंदिर से बहुत पहले ही कार की पार्किंग करनी पड़ी और पैदल चलकर हम प्रेम मंदिर की ओर बढ़े। भीड़ तो थी ही, लेकिन प्रेम मंदिर के परिसर में प्रवेश करते ही ऐसा लगा जैसे हम स्वर्ग में आ गए हैं। मंदिर की भव्यता और सुंदरता देखकर मन गदगद हो गया। प्रेम मंदिर वृंदावन का सबसे नया और सबसे भव्य मंदिर है। इसे लोग 'प्यार का मंदिर' भी कहते हैं।
इसका निर्माण जगद्गुरु श्री कृपालु जी महाराज ने करवाया था। कृपालु जी महाराज को ३४ साल की उम्र में ही १९५७ में जगद्गुरु की उपाधि मिल गई थी।इसका शिलान्यास १४ जनवरी २००१ (वैलेंटाइन डे के करीब) हुआ था और उद्घाटन १७ फरवरी २०१२ को हुआ था। पूरा मंदिर इटालियन सफेद संगमरमर से बना है, जो दिन में सफेद चमकता है और रात में लाइटों से रंग-बिरंगा दिखता है।
लगाभग ५४ एकड़ में यह मंदिर फैला हुआ है। इस मंदिर की कुछ विशेषता है-- यह दो मंजिला मंदिर है। नीचे के तल पर राधा-कृष्ण और ऊपर के तल पर सीता-राम विराजमान हैं। ये भारत का शायद पहला मंदिर है जहाँ राधा-कृष्ण और सीता-राम दोनों एक ही परिसर में हैं।
मंदिर के अंदर-बाहर ९४ नक्काशीदार खंभे हैं। यहाँ श्रीकृष्ण की ४ मुख्य लीलाएँ - रासलीला, गोवर्धन लीला, झूलन लीला और कालिया नाग लीला बहुत सुंदरता से उकेरी गई हैं।
इससे ही पढ़े:- वैष्णो देवी यात्रा वृतांत...!! https://sahityanama.com/maa-vaishno-devi-dham-trikuta-parvat-gufa-yatra-anubhav
शाम ७ बजे के बाद यहाँ लाइट शो होता है। हर ३० सेकंड में मंदिर का रंग बदलता है। इसी के साथ बाहर फव्वारों में कृष्ण लीलाओं का म्यूजिकल फाउंटेन शो भी होता है। आरती के समय 'राधे-राधे' की गूंज चारों तरफ फैली रहती है। पर्यटकों की भीड़ इतनी अधिक रहती हैं कि उसी में अपने लिए भी रास्ता बनाना पड़ता है। एक-एक चीज को देखते हुए हम आगे बढ़ते गए, क्योंकि मैं इतिहास की विद्यार्थी और शिक्षिका रही हूँ इसलिए किसी भी जगह की पूरी जानकारी लेने की मेरे अंदर बहुत जिज्ञासा रहती है और उसे में लेने की कोशिश भी करती हूँ।
प्रेम मंदिर देखकर हमने रेस्टोरेंट में खाना खाया और फिर हम सभी करीब रात ९:३० बजे अपने होटल आ गए। चूंकि हमें सुबह-सुबह ही अपनी ट्रेन पकड़नी थी, इसलिए जल्दी-जल्दी अपने सामानों को पैक किया और सोने की तैयारी करने लगे।
यात्रा जीवन का एक ऐसा अनुभव है, जो ज्ञान, संवेदना, आत्मविश्वास और दृष्टि-चारों को विस्तार देता है। यात्रा हमें अलग-अलग स्थानों, लोगों, भाषाओं, संस्कृतियों और परंपराओं से परिचित कराती है।
हमारी सोच का विस्तार करता है।
एक ही वातावरण में रहने से हमारी सोच कभी-कभी सीमित हो जाती है। यात्रा हमें अलग जीवन-शैलियाँ देखने का अवसर देती है और यह समझ विकसित करती है।
आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता भी बढ़ाता है।
अपरिचित स्थानों पर जाना, रास्ते खोजना, परिस्थितियों का सामना करना और छोटी-बड़ी समस्याओं का समाधान करना व्यक्ति में आत्मविश्वास पैदा करता है।
पहाड़, नदियाँ, जंगल, समुद्र, गाँव और खेत-प्रकृति के विविध रूप मनुष्य को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं।
हमारे आपसी रिश्तों को मजबूत करता है।
परिवार या मित्रों के साथ की गई यात्रा संबंधों में आत्मीयता बढ़ाती है। साथ बिताए हुए रास्ते, हँसी-मजाक, कठिनाइयाँ और सुंदर अनुभव बाद में जीवन की यादगार स्मृतियाँ बन जाते हैं।
स्वयं को जानने का अवसर मिलता है।
कभी-कभी यात्रा बाहर की नहीं, भीतर की यात्रा भी होती है। अपने परिचित परिवेश से दूर जाकर व्यक्ति अपने सपनों, इच्छाओं, कमजोरियों और क्षमताओं को नए ढंग से पहचानता है।
जीवन को नया दृष्टिकोण प्राप्त होता है।
यात्रा यह सिखाती है कि रास्ते हमेशा सीधे नहीं होते। कहीं रुकना पड़ता है, कहीं रास्ता बदलना पड़ता है और कभी मंजिल से अधिक सुंदर रास्ता ही साबित होता है। यही जीवन का भी सत्य है।
डाॅ. अनिता निधि
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0